Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कमलपुर थाना क्षेत्र के बंकुचिया मोड़ पर पुलिस ने छापेमारी कर एक गुमटी (Illegal Liquor in Jamshedpur) के पीछे बने कमरे से विभिन्न ब्रांड की 10 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बंकुचिया मोड़ स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से विदेशी शराब (Illegal Liquor in Jamshedpur) की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया था कि गुमटी संचालक वहां लोगों को बैठाकर शराब पिलाने का काम करता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कमलपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बंकुचिया मोड़ स्थित गुमटी में दबिश दी। तलाशी के दौरान गुमटी के पीछे बने कमरे में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की 10 पेटी विदेशी शराब मिली।
पुलिस ने मौके पर मौजूद संचालक गणेश महतो से शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस तथा वैध दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur Advocate News: TMH में अधिवक्ता भगवान दास का निधन, कीनन के पास हुआ हादसा
इस संबंध में कमलपुर थाना कांड संख्या 21/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/292 और उत्पाद अधिनियम 1915 की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




