Home > Crime > Jharkhand Crime: सोना महंगा हुआ तो बढ़ी जेवरात पर बदमाशों की नजर, जमशेदपुर से बोकारो-नीमडीह तक चेन छिनतई ने बढ़ाई चिंता+ VDO

Jharkhand Crime: सोना महंगा हुआ तो बढ़ी जेवरात पर बदमाशों की नजर, जमशेदपुर से बोकारो-नीमडीह तक चेन छिनतई ने बढ़ाई चिंता+ VDO

Jamshedpur/Bokaro/Seraikela : सोने की कीमतों में लगातार उछाल के बीच अब सोने के जेवरात अपराधियों के लिए आसान निशाना बनते जा रहे हैं। जमशेदपुर के बाराद्वारी से लेकर बोकारो और सरायकेला-खरसावां के नीमडीह तक मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम दिया। तीनों घटनाओं में बदमाशों ने रेकी और मौका देखकर महिलाओं के गले से सोने के जेवर झपटे और फरार हो गए।

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बाराद्वारी के बसंत द्वार गांधी मार्ग पर मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर टहल रही मनीषा नामक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद दोनों बदमाश तेजी से फरार हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

उधर, बोकारो के चास स्थित जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर दूर कैलाश विहार में रहने वाली विभा मालाकार को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे बाजार से सब्जी लेकर लौटते समय जैसे ही वह अपनी गली में पहुंचीं, बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। बाइक दीवार से टकराने से बाल-बाल बची और इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने उनके गले से करीब 12 ग्राम की सोने की चेन और करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का पेंडेंट झपट लिया। चास पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है।

इसी तरह सरायकेला-खरसावां के नीमडीह थाना क्षेत्र के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार सुबह करीब 10:43 बजे 72 वर्षीय बावली सेन से चेन छिनतई की गई। बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें ‘मौसी’ कहकर बातचीत में उलझाया और तालाब के पास पहुंचते ही एक युवक ने उनके गले से चेन झपट ली। छीना-झपटी में चेन का कुछ हिस्सा टूटकर उनके पास रह गया। पीड़िता के अनुसार चेन करीब 12 ग्राम की थी, जिसे उन्होंने वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इन घटनाओं ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि सोने की बढ़ती कीमतों के साथ क्या सोने के जेवरात अपराधियों के लिए आसान और आकर्षक निशाना बनते जा रहे हैं? लगातार हो रही चेन छिनतई और जेवर चोरी की घटनाओं से महिलाओं और बुजुर्गों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। पुलिस अब सीसीटीवी और अन्य सुरागों के जरिए बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

इसे भी पढ़ें – Ranchi Market: छह भारतीय समुदायों की दुल्हनों के लिए ‘रिवाह बाए तनिष्क’ ने लॉन्च किया ‘वेडिंग सिग्नेचर्स’ कलेक्शन

You may also like
ग्रिल तोड़कर अधिवक्ता के घर घुसे चोर, 17 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार+VDO
प्रिंस खान के भाई बंटी का धनबाद में पैदल मार्च, पूछताछ में खुले गिरोह के नए राज+VDO
मानगो में SIR कर्मी को भेष में फ्लैट में घुस महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, महिला भी पकड़ी गई+VDO
धतकीडीह में वृद्ध महिला की आंख में स्प्रे करने वाली आरोपी महिला पकड़ी गई, CCTV से खुला राज+VDO

Leave a Reply