Sana : यमन ने सऊदी अरब के खिलाफ तत्काल प्रभाव से नौसैनिक नाकाबंदी (Maritime Blockade) लागू करने की घोषणा (Yemen Saudi Arabia War)की है। यमन की सशस्त्र सेनाओं के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यह फैसला “नाकाबंदी के बदले नाकाबंदी” की नीति के तहत लिया गया है और यह घोषणा जारी होते ही प्रभावी हो गई (Yemen Saudi Arabia War)है।
याह्या सरी ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों से सऊदी अरब यमन पर अन्यायपूर्ण और व्यापक नाकाबंदी लागू किए हुए है। उनका इल्जाम है कि सऊदी अरब ने यमन के बंदरगाहों, हवाई अड्डों और समुद्री मार्गों पर रोक लगाकर देश के संसाधनों का दोहन किया है। हाल ही में सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों को भी इस निर्णय का प्रमुख कारण बताया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यमन की सेना हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है और अगर सऊदी अरब की ओर से कोई भी आक्रामक कदम उठाया गया तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यमन अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा और नाकाबंदी समाप्त कराने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
इस बीच अंसारुल्लाह (हूती) के वरिष्ठ नेता हिजाम अल-असद ने कहा कि अगर यमन पर वर्षों से जारी नाकाबंदी समाप्त नहीं की गई तो देश पूर्ण युद्ध (All-out War) की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब लगातार तेल निर्यात कर रहा है और हथियार खरीदकर यमन पर हमले कर रहा है, जबकि यमन की जनता भुखमरी और संकट का सामना कर रही है।
हिजाम अल-असद ने चेतावनी दी कि यदि नाकाबंदी जारी रही तो यमन की सेना मिसाइलों और ड्रोन के जरिए सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों, रिफाइनरियों और निर्यात बंदरगाहों को निशाना बना सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी हमले से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जिम्मेदारी भी सऊदी अरब की होगी।
अंसारुल्लाह के एक अन्य वरिष्ठ नेता अब्दुल्ला अल-नुआमी ने भी कहा कि सऊदी अरब के भीतर कई अहम ठिकाने यमन की सेना की पहुंच में हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि अमेरिका भी किसी संभावित युद्ध में सऊदी अरब का साथ देता है तो पूरे क्षेत्र में हालात और अधिक विस्फोटक हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें – कुवैत के एक और पावर प्लांट पर ईरान का जवाबी हमला, अमेरिका का साथ देने की कीमत अदा कर रहे खाड़ी के देश
गौरतलब है कि साल 2015 से सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन और यमन के बीच संघर्ष जारी है। 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से संघर्ष विराम हुआ था, लेकिन इसके बाद भी क्षेत्र में तनाव और सैन्य गतिविधियां पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकीं।




