Ranchi (Jharkhand) : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में SIR से जुड़े भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी (Ranchi SIR) दी गई।
बैठक में बताया गया कि No Mapping और Anomalies के कारण जिन मतदाताओं या नागरिकों को नोटिस जारी किया गया है, उनके मामले में संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर जाकर जरूरी दस्तावेज एकत्र करेंगे। इसके बाद दस्तावेजों को ECINet/BLO App पर अपलोड किया जाएगा, ताकि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मामले पर निर्णय ले (Ranchi SIR) सकें।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आम लोगों को नोटिस मिलने के बाद आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने को कहा गया। बैठक में इस प्रक्रिया से संबंधित विभागीय वीडियो भी दिखाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में मतदाताओं को सामान्य तौर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में बुलाने की जरूरत नहीं होगी। केवल असाधारण परिस्थितियों में ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को सुनवाई के लिए अधिकृत कर सकता है।
बैठक में उपायुक्त ने अनुशासनहीनता करने वाले BLO के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी BLO को संबंधित BLA-2 के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें – Ranchi News : रांची में सड़क खुदाई के बाद गड्ढे भरना होगा अनिवार्य, GAIL को गुणवत्ता और सुरक्षा की ताकीद




