Ranchi (Jharkhand) : झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। 14 वर्षीय किशोरी ने विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी की शिकायत पर रांची के विधानसभा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, दूसरी ओर किशोरी के दादा ने भी सिमडेगा के (Bhushan Bara POCSO Case) पाकरटांड़ थाना में दो लोगों के खिलाफ अलग मामला दर्ज कराया है। इस प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उनकी पोती पर दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ गलत बयान दिलवाया गया।
पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर आवास ले जाने का आरोप
किशोरी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा नामक दो महिलाएं उसे गांव से सिमडेगा (Bhushan Bara POCSO Case) विधायक के आवास पर ले गई थीं। उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, किशोरी के मुताबिक वहां पहुंचने के बाद उससे घरेलू काम कराया जाने लगा।
उसने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या 12 में विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। किशोरी के अनुसार, घटना के दौरान विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और किसी को जानकारी देने पर धमकी भी दी गई।
काम कराने और मजदूरी के रूप में तीन हजार रुपये देने का आरोप
किशोरी ने अपने आवेदन में बताया है कि घटना के बाद उसे धनरोपनी के बहाने सिमडेगा ले जाया गया। वहां भी उससे घरेलू काम कराया जाता रहा। उसने एमा बाड़ा पर मारपीट, गाली-गलौज और पर्याप्त भोजन नहीं देने का आरोप लगाया है। किशोरी का दावा है कि लंबे समय तक काम कराने के बावजूद उसे केवल तीन हजार रुपये दिए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि उससे बाउंड्री निर्माण के काम में मजदूरी कराई गई, जबकि स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा पूरा नहीं किया गया।
तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मेडिकल जांच
किशोरी के मुताबिक, सितंबर में वह अपनी मुंहबोली बहन और बहनोई के पास चली गई थी। इसके बाद मासिक धर्म नहीं होने पर उसे गर्भ ठहरने की आशंका हुई। उसने पुलिस को बताया कि 22 अक्टूबर को उसकी तबीयत बिगड़ी और रक्तस्राव शुरू हुआ। चिकित्सकीय जांच में गर्भ खराब होने की जानकारी मिलने की बात भी उसने अपने बयान में कही है।
शुक्रवार देर शाम पुलिस किशोरी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची। रात करीब 7:35 बजे दो महिला चिकित्सकों की मौजूदगी में उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई। किशोरी ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग भी की है।
दादा ने दो लोगों पर दबाव बनाकर बयान दिलाने का लगाया आरोप
मामले में दूसरा पक्ष सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाना में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि दोनों ने उनकी नाबालिग पोती को अगवा कर डराया-धमकाया और दबाव बनाकर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बयान देने के लिए मजबूर किया।
पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
वहीं, विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि किशोरी को पढ़ाई-लिखाई के उद्देश्य से रांची स्थित उनके आवास पर लाया गया था और धनरोपनी के समय ही वह अपने घर लौट गई थी। विधायक ने सवाल उठाया कि चार-पांच महीने बाद इस तरह का मामला सामने आना संदेह पैदा करता है।
उन्होंने एक तथाकथित नेता पर इस पूरे मामले के पीछे होने और किशोरी को उनके खिलाफ बयान देने के लिए तैयार कराने का आरोप लगाया है।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur Chath Security : छठ पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में जमशेदपुर पुलिस, घाटों पर बाइक दस्ता और ड्रोन से होगी निगरानी
फिलहाल इस मामले में दो अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक तरफ किशोरी ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरी तरफ उसके दादा ने दो अन्य लोगों पर दबाव बनाकर बयान दिलवाने का आरोप लगाया है। पुलिस की जांच में दोनों प्राथमिकी, किशोरी के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों की भूमिका अहम होगी। आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।




