Seraikela : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली के गौसनगर शाही कॉलोनी रोड नंबर-9 में सोमवार की रात लूट (Kapali Theft) की एक बड़ी वारदात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लूट की यह घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है, जब बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में रखा 40 हजार रुपए नकद और कीमती ज़ेवरात (Kapali Theft) पार कर दिया है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के समय घर के सभी सदस्य चांडिल के कीटाडीह उर्स में शामिल होने गए हुए थे। घर में केवल अख्तर अली मौजूद थे, जो रात में सो रहे थे। अख्तर अली ने बताया कि रात करीब 12 बजे के बाद उन्हें घर के आसपास कुछ हल्की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया।
इसे भी पढ़ें – पोटका में नवनियुक्त चौकीदार की हत्या करने के बाद प्रेमी ने दे दी अपनी भी जान, थाना प्रभारी पर लगा दिया यह आरोप+VDO
कुछ देर बाद जब आवाजें लगातार आने लगीं तो उन्हें शक हुआ और वे बाहर निकले। इसी दौरान घर के अंदर पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। चोरों ने चाकू मारने की धमकी दी और शोर मचाने पर जान से मारने की चेतावनी दी। डर के कारण अख्तर अली कोई विरोध नहीं कर सके।
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी तोड़कर गहने और अन्य कीमती सामान समेटा और फरार हो गए। सुबह होने पर अख्तर अली ने किसी तरह खुद को मुक्त किया और परिवार वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घर लौटे, जहां घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित परिवार ने एक परिचित युवक पर शक जताया है। परिवार का कहना है कि घटना से एक दिन पहले वही युवक रात के समय चार बार घर का ताला तोड़ने की कोशिश कर चुका था और पूछताछ करने पर मौके से फरार हो गया था। इसी वजह से परिवार को आशंका है कि चोरी की इस वारदात में उसी युवक का हाथ हो सकता है।
परिवार के मुताबिक, चोरी में करीब 50 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान गायब हुए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




