Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित एमजीएम अस्पताल के पास फर्नीचर दुकानदार से कथित रंगदारी मांगने और आरोपी को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी (Jamshedpur Chapad Crime) दर्ज की है। एक मामला दुकानदार की शिकायत पर रंगदारी मांगने का है, जबकि दूसरा मामला पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पथराव से (Jamshedpur Chapad Crime) जुड़ा है। पुलिस ने दोनों मामलों में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पहली एफआईआर फर्नीचर दुकानदार मिथुन शर्मा की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नंदू लोहार अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और चापड़ दिखाकर रंगदारी की मांग की। इस मामले में नंदू लोहार, उसकी मां शीला लोहार, उसकी तीन बहनों, तीन जीजा और पत्नी को नामजद किया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
वहीं दूसरी एफआईआर सीतारामडेरा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक शंकर ठाकुर के आवेदन पर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नंदू लोहार को गिरफ्तार कर पुलिस जीप में बैठाया जा रहा था, तभी उसके परिजन और समर्थक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव भी किया। इस मामले में नंदू लोहार, उसकी मां शीला लोहार, दोनों पत्नियां पुष्पांजलि कर्मकार और माही कर्मकार, बहन नंदिनी लोहार, गोलू कर्मकार, मुस्कान कर्मकार, राहुल पासवान और मौसी पिंकी दास समेत 10 लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 9:45 बजे मिथुन शर्मा ने सूचना दी थी कि नंदू लोहार अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर रंगदारी मांग रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद चंडी नगर से नंदू लोहार को गिरफ्तार किया। इसी दौरान उसके परिजनों ने आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी नंदू लोहार को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इसे भी पढ़ें – चेन्नई से 4 किलो सोना लेकर फरार राजस्थान का युवक बहरागोड़ा से गिरफ्तार, फालूदा बेचकर छिपा रहा था पहचान
इधर नंदू लोहार के परिजनों ने पूरे मामले को झूठा बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण मिथुन शर्मा ने उन्हें फंसाने के उद्देश्य से पुलिस को गलत सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की भी जांच कर रही है।
