Jamshedpur (Jharkhand) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (Jamshedpur SIR 2026) अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ (Booth Level Officer) और बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की तीसरी बैठक के साथ निर्वाचन पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची और ASDD सूची का सत्यापन कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।
ASDD सूची का किया गया मिलान
बैठक में बीएलओ और बीएलए-2 ने प्रारूप मतदाता सूची तथा ASDD सूची का बिंदुवार मिलान किया। इस दौरान डुप्लीकेट मतदाताओं, मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं, अनुपलब्ध मतदाताओं और गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले लोगों से संबंधित प्रविष्टियों का सत्यापन किया गया। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है।
18 साल पूरा करने वालों का वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा नाम
बैठक में यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इसके अलावा दावे एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन और मतदाता सूची के नियमित अद्यतन (Jamshedpur SIR 2026) को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और उप निर्वाचन पदाधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने निर्वाचन पाठशाला और बैठक की गतिविधियों का जायजा लिया तथा बीएलओ और बीएलए-2 को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया।
Read also – जुगसलाई में हत्या की साजिश नाकाम, तड़ीपार अपराधी खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार, हथियार बरामद+VDO
जिला प्रशासन ने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बीएलए-2 और अन्य संबंधित हितधारकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी सक्रिय सहयोग करें, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।




