Jamshedpur (Jharkhand) : अगर आप टाटा मोटर्स की नई कार या एसयूवी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपकी जेब पर जल्द ही अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला (Tata Motors Price Hike) है। कंपनी ने दिसंबर से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड (TMPV) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से कंपनी के पूरे वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में औसतन 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी।
इसका असर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी से चलने वाली कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी पड़ेगा। यानी टाटा की कार या इलेक्ट्रिक एसयूवी खरीदने वाले ग्राहकों को दिसंबर से पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी (Tata Motors Price Hike) होगी।
कंपनी ने कीमतें बढ़ाने के पीछे उत्पादन लागत में हुई वृद्धि को प्रमुख वजह बताया है। वाहनों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और अन्य जरूरी संसाधनों की कीमतें बढ़ने से कंपनी का खर्च बढ़ा है। अब तक इस अतिरिक्त लागत का बड़ा हिस्सा कंपनी खुद वहन कर रही थी, लेकिन लगातार बढ़ते खर्च को देखते हुए कीमतों में संशोधन का निर्णय लिया गया है।
हर मॉडल पर एक जैसी नहीं होगी बढ़ोतरी
टाटा मोटर्स ने स्पष्ट किया है कि सभी गाड़ियों की कीमतों में सीधे 0.5 फीसदी की समान वृद्धि नहीं होगी। अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के आधार पर कीमतों में बदलाव किया जाएगा। ऐसे में किस कार या एसयूवी की कीमत कितनी बढ़ेगी, इसकी जानकारी संबंधित मॉडल और वेरिएंट के अनुसार ही सामने आएगी।
मारुति सुजुकी भी बढ़ा चुकी है कीमतें
टाटा मोटर्स से पहले देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी भी अपनी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा कर चुकी है। कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से औसतन 0.31 फीसदी की मूल्य वृद्धि लागू की है। टाटा मोटर्स के अधिकारियों ने बताया कि मारुति की यह बढ़ोतरी वॉल्यूम-वेटेड एवरेज प्राइस इंक्रीज के आधार पर तय की गई है। इसमें अलग-अलग मॉडलों की बिक्री के अनुपात को ध्यान में रखते हुए औसत मूल्य वृद्धि निर्धारित की जाती है।
कुल मिलाकर दिसंबर की शुरुआत से टाटा मोटर्स की कार और एसयूवी खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।




