Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा गुरुवार को 11वें दिन जमशेदपुर पहुंची। यात्रा का नेतृत्व दिशोम वीर बाबू देवेंद्र नाथ महतो ने किया। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सभा, प्रदर्शन और जनजागरूकता कार्यक्रम (Jamshedpur News) आयोजित किए गए।
पूर्वी सिंहभूम में यात्रा बोड़ाम के निर्मल महतो चौक, जाल्ला कॉलेज, पटमदा, कदमा उलियान स्थित निर्मल महतो समाधि स्थल, को-ऑपरेटिव कॉलेज, आम बागान मैदान और साकची गोलचक्कर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने झंडे लेकर भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन (Jamshedpur News )किया।
आम बागान मैदान में देवेंद्र नाथ महतो ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद साकची गोलचक्कर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की कथित भ्रष्ट भर्ती व्यवस्था के खिलाफ उलगुलान जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब तक भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। युवाओं के अधिकार और रोजगार के मुद्दे को लेकर यह यात्रा राज्य के सभी जिलों तक पहुंचेगी।
‘यह राजनीतिक यात्रा नहीं, क्रांति है’
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं निकाली गई है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने इसे क्रांति बताते हुए कहा कि यात्रा के माध्यम से झारखंड के युवाओं को जागरूक किया जाएगा और भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – गणेश सिंह गिरोह के सदस्य की हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो शूटर गिरफ्तार+VDO
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।




