Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही संबंधित शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता (Jharkhand Nagar Nikay Election) लागू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 48 नगर निकायों में चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। कुल 1087 वार्डों में पार्षदों और निकाय प्रतिनिधियों का चुनाव गैर दलीय आधार पर होगा।
राज्य भर में 4304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 2129 भवनों में संचालित होंगे। इस चुनाव में करीब 43.33 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22.07 लाख पुरुष, 21.26 लाख महिला और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
चुनावी खर्च की सीमा तय
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा भी निर्धारित कर दी है।
नगर निगम (10 लाख से अधिक आबादी)
* मेयर : ₹25 लाख
* वार्ड पार्षद : ₹5 लाख
नगर निगम (10 लाख से कम आबादी)
* मेयर : ₹15 लाख
* वार्ड पार्षद : ₹3 लाख
नगर परिषद
* 1 लाख से अधिक आबादी : अध्यक्ष ₹10 लाख, पार्षद ₹2 लाख
* 1 लाख से कम आबादी : अध्यक्ष ₹6 लाख, पार्षद ₹1.5 लाख
नगर पंचायत
* अध्यक्ष : ₹5 लाख
* वार्ड पार्षद : ₹1 लाख
खर्च की निगरानी के लिए व्यय प्रेक्षक तैनात किए जाएंगे।
पूरी प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
(Jharkhand Nagar Nikay Election) नामांकन से लेकर प्रचार, सभा, जुलूस, मतदान और मतगणना तक सभी चरणों की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को इसके लिए विशेष दल गठित करने का निर्देश दिया गया है। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच वज्र गृह में रखा जाएगा।
नामांकन से मतगणना तक शेड्यूल
* नामांकन : 29 जनवरी – 4 फरवरी
* स्क्रूटनी : 5 फरवरी
* नाम वापसी : 6 फरवरी
* चुनाव चिन्ह आवंटन : 7 फरवरी
* मतदान : 23 फरवरी
* मतगणना : 27 फरवरी
मतदान बैलट पेपर से कराया जाएगा।
पूर्वी सिंहभूम में खास तैयारी, NOTA नहीं
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस बार NOTA का विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।
मानगो नगर निगम
* 36 वार्ड
* 190 मतदान केंद्र
* 1,96,791 मतदाता
जुगसलाई नगर परिषद
* 22 वार्ड
* 44,239 मतदाता
चाकुलिया नगर पंचायत
* 12 वार्ड
* 12,587 मतदाता
सुरक्षा और सामाजिक निगरानी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति मतदाताओं को भयभीत करने पर SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के तहत सख्त कार्रवाई होगी। डीजीपी को पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। यहां शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 1000 से अधिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – राज्य निर्वाचन आयोग का फार्मूला जारी, झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण की तैयारी शुरू
लोकतंत्र का महापर्व
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करें ताकि शहरी सरकारों के गठन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।




