जिला प्रशासन ने आम लोगों के लिए की वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था
Jamshedpur (Jharkhand) : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे (Jamshedpur Droupadi Murmu Visit) को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति का कार्यक्रम करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान में प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के आगमन (Jamshedpur Droupadi Murmu Visit) को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत 29 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सोनारी एयरपोर्ट से करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान, परिसदन और इसके बाद खरकई गोलचक्कर तक के मार्ग पर ऑटो रिक्शा, बस एवं सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
यातायात के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक रूट जारी किए हैं—
* मानगो से सरायकेला, पोटका और चाईबासा जाने वाले वाहन मरीन ड्राइव होते हुए आदित्यपुर-गम्हरिया मार्ग का उपयोग करेंगे।
* पोटका, हाता और ओडिशा की ओर से मानगो बस स्टैंड आने वाले वाहन सरायकेला, कांड्रा, गम्हरिया और मरीन ड्राइव के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे।
* रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन बर्मामाइन्स गोलचक्कर, टीआरएफ मोड़ और स्टार टॉकीज मार्ग से आ-जा सकेंगे।
* आपात स्थिति में सुंदरनगर और करनडीह से साकची आने-जाने के लिए एलबीएसएम कॉलेज, घाघीडीह जेल और जुगसलाई मार्ग निर्धारित किया गया है।
* घाटशिला और मुसाबनी की ओर जाने वाले वाहनों को डिमना मार्ग का प्रयोग करना होगा।
इसके अलावा, 29 दिसंबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, डंपर) के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को केवल पुलिस नियंत्रण में ही अनुमति दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें – गुरु गोविंद सिंह प्रकाश पर्व पर जमशेदपुर में निकली भव्य शोभायात्रा, साकची गुरुद्वारा से गूंजे शबद-कीर्तन+VDO
प्रशासनिक ब्रीफिंग में दिए गए सख्त निर्देश
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम उच्चतम प्रोटोकॉल से जुड़ा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए।
साथ ही, आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए मीडिया के माध्यम से समय-समय पर यातायात संबंधी जानकारी साझा करने पर भी जोर दिया गया।




