Home > Jamshedpur > हरिणा मेला बनेगा राजकीय मेला, तैयार होगा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का खाका

हरिणा मेला बनेगा राजकीय मेला, तैयार होगा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का खाका

Potka Harina Mela: रांची में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मिले विधायक संजीव सरदार

Jamshedpur (Kharkhand) : पोटका विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को रांची स्थित मंत्री आवास में झारखंड सरकार के पर्यटन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। बैठक में मुक्तेश्वर धाम हरिणा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिणा मेले (Potka Harina Mela) को राजकीय मेला घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

विधायक संजीव सरदार ने मंत्री को बताया कि हर वर्ष आयोजित होने वाले हरिणा मेले (Potka Harina Mela) में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। चार दिनों तक चलने वाला यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का अहम केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि मेले को राजकीय दर्जा मिलने से यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।

मीटिंग के दौरान विधायक ने कहा कि राज्य सरकार संस्कृति, परंपरा और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने इस मांग को सकारात्मक पहल बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

इसके अलावा, विधायक ने पोटका विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्टेडियमों के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और बेहतर खेल मैदानों के अभाव में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। स्टेडियम बनने से युवाओं को बेहतर मंच मिलेगा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसे भी पढ़ें – ट्रेनों की लेटलतीफी पर हाई लेवल मीटिंग, विधायक सरयू राय ने रेलवे को घेरा; जीएम बोले- पहले चलेगी यात्री ट्रेन, बाद में मालगाड़ी

वहीं, पोटका क्षेत्र में प्रस्तावित राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का विस्तार होने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर प्राप्त होंगे।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार युवाओं के विकास, खेल, पर्यटन और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

You may also like
जमशेदपुर के बड़े रिटेल स्टोरों में मिले प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद, जानें किन दर्जन भर प्रतिष्ठानों को नोटिस
Jamshedpur SIR-2026: अफगानिस्तान ऐंगल के बाद जमशेदपुर में मतदाता दस्तावेज सत्यापन की कमिश्नर ने की समीक्षा
जमशेदपुर में वोटर लिस्ट में घुसे 3 अफगानी नागरिक: पासपोर्ट जांच में खुली पोल, चुनाव आयोग के आदेश पर FIR दर्ज+VDO
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश

Leave a Reply