Boram (Jamshedpur) : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पातीपानी फुटबॉल मैदान के पास आसनबनी-पटमदा मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
(Jamshedpur Road Accident) स्थानीय लोगों के मुताबिक, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र निवासी शाहजहां अपनी पत्नी हसीना और बेटी आरजू के साथ स्कूटी से बाहर गए थे। तीनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पातीपानी फुटबॉल मैदान के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इसे भी पढ़ें:निखार सबलोक हत्याकांड में बड़ा खुलासा, राघव को गोपनीय जानकारी देते थे कोलकाता पुलिस के दो अधिकारी, दोनों गिरफ्तार
हादसे के बाद शाहजहां, उनकी पत्नी और बेटी सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे गंभीर हालत में मिले। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार में सवार लोगों की नजर तीनों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल सभी घायलों को उठाकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने शाहजहां को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी हसीना और बेटी आरजू का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे। शाहजहां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के पुत्र अरमान ने बताया कि उनके माता-पिता और बहन घर से कहां गए थे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। अचानक फोन के जरिए दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर अरमान को अपने पिता के निधन की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूटी किस वजह से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई (Jamshedpur Road Accident) से जुड़े इस हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।




