Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टा गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार (Jamshedpur Online Gambling) किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एनएच-33 किनारे सिमुलडांगा के पास सुनसान जगह पर खड़ी अर्टिगा कार के अंदर ऑनलाइन लिंक के जरिए जुआ खेल रहे थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एमजीएम थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही (Jamshedpur Online Gambling) थी। इसी दौरान पुलिस को कार के अंदर बॉडी लाइट की रोशनी में तीन युवक संदिग्ध गतिविधि करते दिखे। जांच करने पर उनके पास ऑनलाइन जुआ खेलने और उसका हिसाब कॉपी में दर्ज करने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने मौके से विकास कुमार महतो, रोहित कुमार गुप्ता उर्फ बिट्टू उर्फ सेठबाज और कृष्णा कर्मकार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से कुल 1,18,490 रुपये नकद बरामद किए गए। इसमें विकास के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा के पास से 10,570 रुपये और रोहित के पास से 10 हजार रुपये मिले।
इसे भी पढ़ें :भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर रांची में सुरक्षा सख्त, बिना टिकट दर्शकों को स्टेडियम के पास नहीं जुटने दिया जाएगा+VDO
इसके अलावा दो आईफोन समेत चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, सोने की अंगूठी और जुए का हिसाब व स्कोर लिखी एक कॉपी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने तथा खेलवाने से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस को मोबाइल फोन में ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े यूपीआई ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। पुलिस अब इन लेन-देन और मोबाइल में मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सरगना की भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार महतो की उम्र करीब 27 वर्ष है और वह ओलीडीह ओपी क्षेत्र के राजेंद्र नगर का रहने वाला बताया गया है। 26 वर्षीय कृष्णा कर्मकार देवघर में रहता है और उसका स्थायी पता बोड़ाम थाना क्षेत्र का दिमूडीह बताया गया है। वहीं 28 वर्षीय रोहित कुमार गुप्ता उर्फ बिट्टू उर्फ सेठबाज एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक रोहित गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
इस मामले में एमजीएम थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), 3(5), 112(2) और पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
छापामारी दल में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक अमर प्रताप सिंह, मो. माजिद उद्दीन तथा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।




