Jamshedpur (Jharkhand) : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में सोमवार को वार्षिक बोनस समझौता (Jamshedpur News) संपन्न हो गया। प्रबंधन और यूनियन के बीच कई दौर की वार्ता के बाद सहमति बनी। इसके बाद जेनरल ऑफिस में प्रबंधन और यूनियन के वरीय पदाधिकारियों ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर (Jamshedpur News) किए।
इस बार कर्मचारियों के लिए बोनस प्रतिशत 14.03 फीसदी तय हुआ है। इसके तहत अधिकतम बोनस राशि 87,543 रुपये और औसत बोनस 53,787 रुपये होगा। पिछले वर्ष बोनस 12.3 फीसदी था। तब अधिकतम 75,223 रुपये और औसत 50,160 रुपये मिले थे। इस बार करीब 8,000 कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिलेगा। बोनस की राशि 1 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
समझौते के तहत सुपरनेशन के सदस्यों को 15,791 रुपये की राशि मिलेगी। इसके अलावा हर वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली का प्रावधान किया गया है। अप्रेंटिसशिप के बाद डिप्लोमा पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को स्थायी नियोजन का अवसर मिलेगा।
मजदूर हित में कई अन्य फैसले
यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि बोनस समझौते के साथ मजदूर हित से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनी है। इनमें मल्टी स्किल का लाभ, लंबित पांच टीएमएसटी प्रशिक्षुओं का नियोजन, पुराने डिप्लोमाधारियों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट और प्रगति स्कीम के तहत प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षुओं को विशेष इंक्रीमेंट देने का प्रावधान शामिल है।
बोनस वार्ता में यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह शामिल रहे। प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ डीपी नाम्बिया, वीपी ऑपरेशन विशाल बादशाह, प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार और ईआर हेड सौमिक रॉय समेत अन्य पदाधिकारी ऑनलाइन जुड़े।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यूनियन और प्रबंधन के पदाधिकारी टाटा साहब की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और संयुक्त तस्वीर खिंचवाई।
कंपनी गेट से निकला जुलूस
बोनस समझौता होने के बाद यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह खुले वाहन पर सवार होकर कंपनी गेट से जुलूस के रूप में निकले। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ आतिशबाजी भी की गई। जुलूस शाम करीब सात बजे यूनियन कार्यालय पहुंचा, जहां पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को बोनस समझौते और अन्य फैसलों की जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें – झारखंड के जमशेदपुर में कार के अंदर चल रहा था ऑनलाइन जुआ, तीन युवक गिरफ्तार; 1.18 लाख नकद और मोबाइल बरामद




