Jamshedpur : (Jamshedpur DC) पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें उपायुक्त (Jamshedpur DC) कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
इस जनसुनवाई में लोगों ने सड़क अतिक्रमण, घरेलू विवाद, नाली निर्माण, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, इंटरमीडिएट नामांकन में परेशानी, स्पोर्ट्स कोटा से सीधी भर्ती की मांग, भारी बारिश के कारण सड़क क्षति जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
उपायुक्त ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जन शिकायत निवारण केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वैध शिकायतों का निष्पक्ष व समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का ऑन-स्पॉट निष्पादन किया गया। खासकर दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित कार्यालयों को अग्रसारित किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से यह भी कहा कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और यदि बार-बार किसी शिकायत की पुनरावृत्ति होती है तो संबंधित विभागीय अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उपायुक्त ने अंत में स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के बीच विश्वास कायम करना है और इसके लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना अनिवार्य है।




