Ranchi : रांची में शुक्रवार को झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव (Jharkhand State Bar Counsel) की मतगणना शुरू हो गई। डोरंडा स्थित बार काउंसिल कार्यालय में सुबह 11 बजे से पूरे राज्य के जिला, आठ तालुका और झारखंड उच्च न्यायालय से जुड़े कुल 37 बार संघों के मतों की गिनती प्रारंभ हुई।
मतगणना की शुरुआत अल्फाबेटिकल क्रम में की गई, जिसमें सबसे पहले बरही बार संघ के वोटों की गिनती हुई। यहां कुल 26 मतों की गणना की गई। इसके बाद बोकारो जिला बार संघ के मतों की गिनती की गई, जिसमें 832 वोट वैध पाए गए, जबकि 20 वोट रिजेक्ट कर दिए गए। इस प्रकार कुल 852 मत पड़े।
बोकारो बार संघ की मतगणना (Jharkhand State Bar Counsel) में जमशेदपुर जिला बार संघ के सक्रिय प्रत्याशी और स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला को 12 वोट मिले, जबकि प्रकाश झा को 5 मत प्राप्त हुए।
मतगणना प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर अंबुज नाथ की देखरेख में की जा रही है। उनके साथ विधानसभा से आए कर्मचारी और सहयोगी मौजूद हैं। लगभग 100 प्रत्याशियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही है। आज की गिनती के बाद अगला चरण अब सोमवार से फिर शुरू होगा। सभी प्रत्याशी परिणामों को लेकर उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।

Jharkhand State Bar Counsel
इस दौरान बार काउंसिल अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण, वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला, प्रशांत कुमार सिंह, अनिल कुमार महतो, मनोज कुमार द्वितीय, मनोज कुमार तृतीय और राधेश्याम गोस्वामी समेत कई उम्मीदवार कार्यालय परिसर में मौजूद रहे।
मतगणना स्थल पर जमशेदपुर जिला बार संघ के महासचिव कुमार राजेश रंजन, प्रत्याशी आफताब आलम खान, राजेश कुमार दास, विनीता सिंह सहित अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, मिथिलेश सिंह, विनोद कुमार मिश्रा, राजीव रंजन और राजेश चौधरी समेत कई अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।




