Home > India > West Bengal BJP: भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की,रेखा पात्रा संदेशखलि से मैदान में; यहां देखें प्रमुख उम्मीदवारों के नाम

West Bengal BJP: भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की,रेखा पात्रा संदेशखलि से मैदान में; यहां देखें प्रमुख उम्मीदवारों के नाम

Kolkata : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (West Bengal Election) ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 111 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिसमें ‘संदेशखलि आंदोलन’ का चेहरा मानी जाने वाली रेखा पात्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ अधिकारी को शामिल किया गया है।

सूची में अन्य प्रमुख नेताओं में पूर्व सांसद अर्जुन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष तपस रॉय और अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली भी शामिल हैं। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा (West Bengal Election)ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। आइए, बदलाव के समर्थन में एकजुट हों। कमल के निशान पर भाजपा के प्रत्येक उम्मीदवार को वोट दें और उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएं।’’

रेखा पात्रा को नजदीकी हिंगलगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला सत्तारूढ़ दल के आनंद सरकार से होगा। रेखा पात्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में पहली बार चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गयी थीं

रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण सीट से प्रत्याशी

रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण सीट से तृकां की लवली मैत्रा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी, जबकि एक अन्य अभिनेता और खड़गपुर सदर के मौजूदा विधायक हिरण चटर्जी को हावड़ा के श्यामपुर से तृणमूल कांग्रेस (तृकां) के नदबासी जना के खिलाफ उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने अधिवक्ता प्रियंका तिब्रेवाल को एंटाली से उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने कोलकाता उच्च न्यायालय में तृणमूल सरकार के खिलाफ कई मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तिब्रेवाल ने 2021 में भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को नोआपाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला तृकां नेता त्रिणांकुर भट्टाचार्य से होगा। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष तापस रॉय को मणिकतला से तृकां की श्रेया पांडे के खिलाफ मैदान में उतारा गया है।

West Bengal Election: अर्जुन सिंह ने कहा – तृकां के कुप्रबंधन से बदलाव तय

रॉय ने इस चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य में शांति और सौहार्द की परंपरा को बनाए रखने के लिए यह चुनाव जरूरी है। अर्जुन सिंह ने कहा कि तृकां के “कुप्रबंधन” से बदलाव अब निकट और तय है। उन्होंने अपनी जीत को लेकर विश्वास जताया।

उन्होंने यह भी कहा कि यह विधानसभा चुनाव राज्य में “डबल इंजन” सरकार लाएगा और बंगाल के हर क्षेत्र में विकास को गति देगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक को माथाभांगा से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पूर्वी मेदिनीपुर के एगरा से नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी को मैदान में उतारा गया है।

भाजपा ने अभी तक पानीहाटी सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, हालांकि आर जी कर अस्पताल की दुष्कर्म और हत्या पीड़िता की मां ने उसी दिन यह दावा किया था कि वह इस सीट से चुनाव लड़ेंगी। सूची के अनुसार, सबिता बर्मन इटाहार से, दिलीप साहा नबाग्राम से, मिताली माल खरग्राम से और गर्गी दास घोष कांडी से चुनाव लड़ेंगी। अनामिका घोष को भरतपुर से, स्वपन मजूमदार को बोंगांव दक्षिण से, अरूप चौधरी को कमरहाटी से, सनत सरदार को संदेशखलि से और मल्लिका पैक को मंदिरबाजार से उम्मीदवार बनाया गया है।

इसे भी पढ़ें – तेहरान में शहीदों को अंतिम विदाई, अली लारिजानी समेत कई सैन्य अधिकारियों के जनाजे में उमड़ी भीड़

भाजपा ने इससे पहले 144 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी और उस सूची में एक बदलाव करते हुए बिष्णुपुर सीट पर अग्निश्वर नस्कर की जगह बिश्वजीत खा को उम्मीदवार बनाया गया है। पश्चिम बंगाल की 294 सीट पर चुनाव दो चरणों में—23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।

Leave a Reply