Ranchi (Jharkhand) : छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2026 को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित (Ranchi Chhath Puja) अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने काकें डैम, हटिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और संभावित समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों से बातचीत कर व्रतियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।
घाटों की सफाई और जल की स्वच्छता पर विशेष जोर
उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी चिन्हित घाटों की पूरी तरह सफाई कराई जाए। घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई हटाने, डीडीटी का छिड़काव करने और जल की स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। पूजा के (Ranchi Chhath Puja) दौरान सफाई कर्मियों की लगातार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
धुर्वा डैम पर सुरक्षा और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जाली के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में संभावित परेशानी पर चिंता जताई। उन्होंने घाट की सफाई, पर्याप्त रोशनी और महिलाओं तथा पुरुषों के लिए अलग-अलग अस्थायी कपड़े बदलने के कमरे बनाने का निर्देश दिया। एनडीआरएफ टीम को भी सुरक्षा और आपात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
जतरा मेला मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, काकें रोड पहुंचे और जतरा मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को तत्काल कार्रवाई कर रास्ता निर्बाध बनाने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें :Bay of Bengal Cyclone : बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा बढ़ा, 26 अक्टूबर तक सिस्टम ले सकता है तूफान का रूप
उपायुक्त ने पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और समितियों के बेहतर समन्वय से छठव्रतियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।




