Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर (Jamshedpur Tripple Murder Case) केस की जांच लगातार जारी है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी रविंद्र सिंह को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की, लेकिन उसने अब तक हत्या (Jamshedpur Tripple Murder Case) की असली वजह का खुलासा नहीं किया है। पूछताछ के दौरान वह बार-बार खुद को “जल्लाद” बताते हुए केवल इतना कह रहा है कि उसने तीनों की हत्या कर दी और अब वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचा।
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी रविंद्र सिंह ने सोमवार सुबह करीब छह बजे अपनी पत्नी सरिता सिंह, बेटे रवि सिंह और गर्भवती बेटी सुप्रिया की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक सबसे पहले उसने किचन में काम कर रही पत्नी पर टांगी से हमला किया। कई वार के बाद सरिता सिंह मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।

आरोपी रविंद्र सिंह प्रसाद को ले जाती पुलिस
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी सीधे बेटे रवि के कमरे में पहुंचा। उस समय रवि सो रहा था। रविंद्र सिंह ने उसके सिर पर टांगी से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहला वार इतना घातक था कि रवि को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बेटे की हत्या के दौरान टांगी टूट गई। इसके बाद आरोपी ने हथौड़ा उठाया और अपनी गर्भवती बेटी सुप्रिया के कमरे में पहुंचा। सुप्रिया भी सो रही थी। आरोपी ने उसके सिर पर लगातार कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बेटी की हत्या के बाद वह फिर पत्नी के शव के पास लौटा और हथौड़े से एक और वार किया।
हत्या के बाद आरोपी का व्यवहार और भी विचलित करने वाला था। उसने घर के पिलर पर हाथ और सिर पटककर खूनी निशान छोड़ दिए। इसके बाद वह किचन में गया और गैस चूल्हा जलाकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर में गैस जल रही थी और किचन का पर्दा भी आंशिक रूप से जल चुका था।
घटना से कुछ देर पहले तक घर का माहौल सामान्य बताया जा रहा है। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 5:45 बजे सरिता सिंह उनसे मुस्कुराकर मिली थीं। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना अचानक गुस्से या मानसिक तनाव में हुई होगी, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना के बाद जब पड़ोसी रविंद्र सिंह के घर पहुंचे तो उसके कपड़े और हाथ खून से सने हुए थे। उसने पड़ोसियों से कहा, “जाओ, तीनों को मार डाला।” इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी, उसकी पत्नी, बेटे और बेटी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। सभी मोबाइल लॉक हैं और आरोपी ने उनके पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया है। अब तकनीकी टीम मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल्स की जांच करेगी, जिससे हत्या के पीछे की वजह सामने आने की उम्मीद है।
रविंद्र सिंह के चार बच्चे थे। इनमें से एक बेटी और एक बेटे की हत्या हो चुकी है। दिल्ली में रहने वाली दूसरी बेटी सोमवार शाम जमशेदपुर पहुंची और उसके आवेदन पर मामला दर्ज किया जाएगा। तीनों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – साकची कुंदन साहू हत्याकांड: विशाल पाल को उम्रकैद, जमशेदपुर कोर्ट का बड़ा फैसला
जमशेदपुर में रिटायर्ड कर्मी ने पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हत्या की। पुलिस मोबाइल जांच के जरिए हत्या की वजह तलाश रही है।




