जमशेदपुर (झारखंड) : जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र पटमदा प्रखंड के भुईयांसिनान-बड़ासुसनी मुख्य सड़क पर रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बांकादा निवासी 38 वर्षीय अजीत प्रमाणिक की मौत (Patamda Crime) हो गई। अजीत टाटा स्टील में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था।
घटना के समय वह अपने एक साथी मजदूर को पश्चिम बंगाल के बड़ा बाजार स्थित घर छोड़कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में गुगलूबनी और मुकरूडीह गांव के बीच निर्माणाधीन सड़क पर गिट्टी के कारण बाइक फिसल गई और वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत (Patamda Crime) घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में पत्नी सुमित्रा प्रमाणिक, दो बेटे शिवनाथ और सोमनाथ, तथा मां मंथरा प्रमाणिक का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली की रात हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बड़े भाई रंजीत प्रमाणिक ने बताया कि अजीत पिछले तीन माह से टाटा स्टील में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था।




