Jamshedpur (Jharkhand) : परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित नीलकंठ निलायम अपार्टमेंट में रविवार को एक बंद फ्लैट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी (Parsudih Fire) मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना के समय फ्लैट मालिक राहुल मजूमदार अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपार्टमेंट के लोगों ने अचानक फ्लैट के एक कमरे से तेज धुआं (Parsudih Fire) निकलते देखा। देखते ही देखते आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल आग बुझाने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
एसी का जलता हिस्सा बेड पर गिरा
बताया गया कि परिवार के घर से बाहर जाने से पहले कमरे का एसी और बिजली के स्विच बंद थे। इसके बावजूद एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज आवाज के साथ उसका जलता हुआ हिस्सा नीचे रखे बेड पर गिर गया। इसके बाद पलंग, गद्दे और कमरे में रखा अन्य सामान आग की चपेट में आ गया।
फ्लैट से धुआं निकलता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। फ्लैट बंद होने के कारण निवासियों ने दरवाजा और जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अपार्टमेंट में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से आग अन्य फ्लैटों तक नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची दमकल
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक अपार्टमेंट के लोगों ने अपने प्रयास से आग पर काबू पा लिया था।
इसे भी पढ़ें – स्ट्रेचर के इंतजार में ऑटो में तड़पता रहा मरीज, एमजीएम अस्पताल में इलाज से पहले हुई मौत
दमकल की गाड़ी के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। निवासियों का कहना है कि आग जैसी गंभीर घटना में अग्निशमन विभाग की देरी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।




