Jamshedpur (Jharkhand) : टाटानगर रेल हॉस्पिटल में कुपोषण के खिलाफ राष्ट्रीय अभियान के तहत पोषण पखवाड़ा ( Jamshedpur Nutrition Campaign) का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक ( Jamshedpur Nutrition Campaign) किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए रेल हॉस्पिटल के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पॉलीटारगेन ने कहा कि गर्भधारण के पहले दिन से ही महिलाओं को अपने पोषण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रसव के बाद शिशु को कम से कम छह महीने तक केवल माँ का दूध पिलाना बेहद आवश्यक है, जिससे बच्चे का समुचित विकास होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुटलू मुर्मू ने जानकारी दी कि पोषण पखवाड़ा 23 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान अस्पताल में इलाज करा रही गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन्म से लेकर छह वर्ष तक बच्चों के पोषण और देखभाल पर विशेष ध्यान देने से उनके मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत तक विकास संभव है, जिससे कुपोषण से बचाव किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें – कोल्हान डेवलपमेंट सोसाइटी ने अंबेडकर जयंती पर किया सम्मान समारोह, संतोष कुमार व रितिका तिर्की समेत कई हस्तियां सम्मानित
इस मौके पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर ने भी राष्ट्रीय अभियान में भाग लेते हुए जागरूकता कार्यक्रम को और व्यापक रूप से चलाने की बात कही। कार्यक्रम में डॉक्टर, नर्स, ड्रेसर, लिपिक कर्मचारी, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं, बच्चे और रेलकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




