Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षा बैठक (Jamshedpur Clean City) आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि (Jamshedpur Clean City) शहरी क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का पारदर्शी और तेज क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं। सभी सार्वजनिक स्थलों पर दो दिनों के भीतर घड़ा और सुराही के माध्यम से अस्थायी पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एक सप्ताह के अंदर चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित कर चालू करने को कहा गया है। जहां पानी की कमी है, वहां टैंकर से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत बाजारों और मुख्य सड़कों की सफाई सुबह 5 बजे से पहले या रात में कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि दिन में यातायात प्रभावित न हो। इस व्यवस्था के सफल होने पर इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
बरसात को ध्यान में रखते हुए नालों की समय पर सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को मजबूत करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने और डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण करने, स्ट्रीट लाइट की निगरानी रखने और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी अभी से शुरू करने को कहा। साथ ही रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें –जमशेदपुर एफसी और एफसी गोवा के बीच होगी रोमांचक भिड़ंत, टॉप पोजिशन की जंग तेज
निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।




