जमशेदपुर : मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित मुंशी मोहल्ला में शनिवार की शाम बड़ा हादसा (Jamshedpur Fire) हुआ। आवास प्लाजा कॉम्प्लेक्स में स्थित रसराज स्वीट्स के किचेन में दो गैस सिलेंडर फटने से भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें (Jamshedpur Fire) आसपास की करीब 10 दुकानों तक फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में तीन लोग झुलस गए हैं — रसराज स्वीट्स के मालिक निताई साहू, कारीगर तपन नामता और एक ग्राहक बच्ची सोनिया। तपन नामता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एमजीएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि सोनिया के चेहरे पर गंभीर झुलसने के घाव हैं। दोनों का इलाज जारी है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में सेप्टिक टैंक में गिरने से बच्चे की दर्दनाक मौत, मजदूर पिता के घर में छाया मातम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय रसोई में गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ, जिसके बाद तेज धमाके के साथ दोनों सिलेंडर फट गए। विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे रसोई और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना मिलते ही कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक रसराज स्वीट्स सहित लगभग 10 दुकानें जलकर खाक हो चुकी थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स में करीब 24 परिवार रहते हैं। हादसे के बाद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।




