Home > Crime > Jamshedpur: रंगदारी को लेकर नेशनल हाईवे के पास कांदरबेड़ा में जमशेदपुर के प्लाईवुड कारोबारी रवि अग्रवाल की पत्नी का गोली मारकर कत्ल

Jamshedpur: रंगदारी को लेकर नेशनल हाईवे के पास कांदरबेड़ा में जमशेदपुर के प्लाईवुड कारोबारी रवि अग्रवाल की पत्नी का गोली मारकर कत्ल

जमशेदपुर: नेशनल हाईवे पर न्यू पंजाब रेस्टोरेंट से खाना खाकर सोनारी लौट रहे जमशेदपुर के प्लाईवुड कारोबारी रवि अग्रवाल की पत्नी ज्योति अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा गांव के पास सड़क किनारे घटी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना के समय कार में रवि अग्रवाल के दो बच्चे भी बैठे थे। खून से लथपथ अपनी मां को देखते ही वह रोने पीटने लगे। रवि अग्रवाल अपनी पत्नी को लेकर सीधे टीएमएच पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने ज्योति अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया।
नेशनल हाईवे पर न्यू पंजाबी रेस्टोरेंट में करने गए थे डिनर
रवि अग्रवाल अपने पत्नी और बच्चों को लेकर कार से नेशनल हाईवे पर पारडीह काली मंदिर की तरफ मौजूद पंजाबी रेस्टोरेंट में डिनर करने गए थे। वहां से वह कांदरबेड़ा होकर घर लौट रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में उनकी पत्नी ज्योति अग्रवाल को उल्टी आने लगी। इस पर रवि अग्रवाल ने कार सड़क किनारे रोक दी। कार के रुकते ही वहां बदमाश पहुंच गए। बदमाशों ने रवि अग्रवाल पर फायरिंग की। बताते हैं कि यह मिस फायर हो गया। दूसरी तरफ से दूसरे बदमाश ने गोली चलाई। बताते हैं कि ये गोली ज्योति अग्रवाल के सर में लगी। ज्योति अग्रवाल की हत्या करने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। इसके बाद रवि अग्रवाल ने अपनी पत्नी को कार से लेकर टीएमएच गए। यहां डॉक्टरों ने ज्योति अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया।
मांगी गई थी 25 लख रुपए की रंगदारी
बताते हैं कि रवि अग्रवाल से 25 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। रवि अग्रवाल की सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के स्लैग रोड पर प्लाईवुड की दुकान है। उनके दुकान के बाहर एक उनकी कार में 21 फरवरी और 22 फरवरी को रंगदारी मांगने का पत्र रख दिया गया था। इसमें कहा गया था कि 25 लाख रुपए दोमोहानी में पहुंचा दो। इस मामले की शिकायत सीतारामडेरा थाना में की गई थी। व्यापारियों का आरोप है कि सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मामले की जांच नहीं की। वरना, अगर पुलिस मामले की जांच करती और अपराधी पकड़े जाते तो यह घटना घटित नहीं होती।
सांसद और स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे टीएमएच
घटना की जानकारी मिलने पर सांसद विद्युत वरण महतो और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता टीएमएच पहुंचे। सांसद विद्युत वरण महतो ने घटना की निंदा की और कहा कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही दिखाई दे रही है। सीतारामडेरा थाना में अगर मामले की शिकायत की गई थी तो पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए था। अगर पुलिस कार्रवाई कर देती तो शायद यह घटना नहीं घटती। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने एसएसपी से बात की है। जल्द ही सारे हत्यारोपी गिरफ्तार होंगे।

सीतारामडेरा थाना पुलिस की कार्य प्रणाली की होगी जांच
एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि रंगदारी की मांग के मामले में सीतारामडेरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी. इस मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की. क्या जांच में ढिलाई बरती गई या कुछ और मामला है. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई होगी.
मामले की जांच में जुटी चांडिल पुलिस
चांडिल थाने में हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। चांडिल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। चांडिल पुलिस इन सवालों का जवाब खोज रही है कि आखिर हत्यारों की संख्या कितनी थी। हत्यारे किस वाहन से आए थे। हत्यारे घटनास्थल पर क्यों खड़े थे। क्या उन्हें पता था कि कारोबारी की कार वहां रुकने वाली है। या फिर हत्यारे रेस्टोरेंट से ही रवि अग्रवाल की कार का पीछा कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इन सवालों का जवाब मिलने के बाद जांच की राह आसान हो जाएगी।
आखिर किसने मांगी थी रंगदारी
इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस इस बात का भी पता लग रही है कि आखिर रवि अग्रवाल से किसने रंगदारी मांगी थी। रवि अग्रवाल की स्लैग रोड स्थित दुकान के सामने खड़ी कार पर दो लेटर किसने रखे थे। इसके लिए सरायकेला पुलिस के साथ जमशेदपुर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस न्यू पंजाब रेस्टोरेंट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इससे यह पता चलेगा कि क्या हत्यारे रेस्टोरेंट के आसपास पहले से मंडरा रहे थे। घटना स्थल के इस बात की भी जांच की जा रही है कि घटनास्थल की तरफ आने जाने वाले रास्ते पर कहीं सीसीटीवी फुटेज है। इससे पुलिस यह पता लगाएगी कि हत्यारे घटना को अंजाम देने के लिए किधर से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद किधर भागे.

You may also like
Free Health Checkup Camp Jamshedpur : जमशेदपुर में रोटरी क्लब और प्रेस क्लब का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 75 से अधिक लोगों ने कराया चेकअप
Jamshedpur News : सीपी कबीर क्लब में शरद पूर्णिमा पर पूजा-पाठ, भजन और कबीर जी की आरती का आयोजन
Jamshedpur Crime: राहुल बच्चा हत्याकांड का बदला लेने की साजिश का खुलासा, दो संदिग्ध हिरासत में; हथियार बरामद+VDO
Jamshedpur Cyclone : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रायरंगपुर दौरा टला, अब 28 अक्टूबर को नहीं हो पाएगा बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन

Leave a Reply