Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर से एक बड़ी खबर (Jamshedpur Crime ) सामने आई है, जहां बकरी चोरी के मामले में स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है।
गौरतलब है कि हितकु निवासी लाल बाबू सिंह की कुछ दिन पहले दो बकरियां चोरी हो गई थीं। घटना के बाद उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए एक संदिग्ध कार का नंबर अपने मोबाइल में नोट कर लिया था और लगातार उसकी तलाश (Jamshedpur Crime ) कर रहे थे।
बुधवार को वही संदिग्ध कार फिर से हितकु इलाके में दिखाई दी। कार को देखते ही लाल बाबू सिंह ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते-करते वे परसुडीह तक पहुंच गए।
परसुडीह पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार को रोक लिया गया। कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया।
जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 12 बकरियां बरामद हुईं। इतनी बड़ी संख्या में बकरियां मिलने से लोगों का गुस्सा भड़क उठा और आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई कर दी।
इसे भी पढ़ें – तेलअबीब में 100 से ज्यादा ठिकानों पर IRGC के हमले में 60 से अधिक लोगों की मौत, शहीद डॉ. अली लारीजानी के कत्ल का बदला
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच जारी है।




