Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड पर दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार (Jamshedpur Criminals Arrested) कर लिया है। इस मामले की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली थी कि गंगौर स्वीट्स के पास शेख शारिक इमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी (Jamshedpur Criminals Arrested) के साथ मारपीट कर रहा है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो उसने लोगों को डराने के मकसद से देशी कट्टा लहराया और अपने साथी मो. सलमान के साथ बाइक पर फरार हो गया।
घटना के बाद आजादनगर थाना में तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 2 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना के आधार पर ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 15 (कपाली लिंक रोड) के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी शेख शारिक इमाम के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि उसके साथी सलमान के पास से 8 एमएम की एक जिंदा गोली मिली। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत एक और केस दर्ज किया है।
पूछताछ में सामने आया है कि शेख सारिक ईमाम का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है। इसी वर्ष जनवरी में भी उसके खिलाफ मारपीट और साजिश का मामला दर्ज हुआ था।
इसे भी पढ़ें – ईरान ने अमेरिका का अत्याधुनिक F-35 फाइटर जेट मार गिराया, IRGC ने जारी की एक्सक्लूसिव तस्वीरें, पायलट भी पकड़ा गया
सिटी एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर, थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें – टाटा मोटर्स प्लांट पर मंडराता बंदी का खतरा टला, गेल ने 9 दिनों में शुरू की PNG सप्लाई
गौरतलब है कि इन दो बदमाशों की आजाद नगर में ओल्ड पुरुलिया रोड पर परेड कराई गई। इन दोनों को थाने से काफी दूर तक पैदल ले जाया गया।




