News Bee : इसराइल की लेबनान में जारी सैन्य कार्रवाई और संघर्षविराम उल्लंघन के आरोपों के बीच ईरान ने रविवार को इसराइल नियंत्रित क्षेत्रों पर मिसाइलों की बौछार (Iran Israel War) कर दी। ईरानी सशस्त्र बलों ने कहा कि यह हमला लेबनान के खिलाफ इसराइल की लगातार सैन्य कार्रवाई के जवाब (Iran Israel War) में किया गया है।
इसराइली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कब्जे वाले गोलान हाइट्स, तिबेरियास, सफेद, नाज़रेथ, हाइफ़ा समेत कई शहरों में सायरन बजाए गए। इसराइली सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली हाई अलर्ट पर है। वहीं, सुरक्षा कारणों से इसराइल के शिक्षा मंत्रालय ने अगले दिन सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया है।
ईरान ने दावा किया कि इसराइल ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह (Dahiyeh) को निशाना बनाया। ईरानी सैन्य नेतृत्व का आरोप है कि इसराइल ने प्रतिबंधित फॉस्फोरस बमों का भी इस्तेमाल किया है।
मिसाइल हमले के तुरंत बाद ईरानी सशस्त्र बलों के केंद्रीय कमान मुख्यालय खत्म अल-अंबिया (Khatam al-Anbiya Headquarters) ने कड़ा बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि यदि इसराइल ने लेबनान, विशेषकर चदहियाह क्षेत्र पर हमले जारी रखे, तो उसे और भी “विनाशकारी तथा पछतावा कराने वाले” हमलों का सामना करना पड़ेगा।
ईरानी सैन्य कमान ने आरोप लगाया कि अमेरिका के समर्थन और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की चुप्पी के बीच इसराइल लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है और लेबनानी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है।
बयान में कहा गया कि ईरान पहले भी चेतावनी दे चुका था कि अगर इसराइली हमले बेरूत के दहियाह क्षेत्र तक बढ़ाए गए, तो ईरान सीधे इसराइल के भीतर स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाएगा। अब ईरान ने इसराइल से दक्षिणी लेबनान और दहियाह में सभी सैन्य हमले तत्काल रोकने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें – इजरायल का बेरूत पर ताजा हमला, हिज्बुल्लाह मुख्यालय को बनाया निशाना; ईरान ने किया मिसाइलों से पलटवार
ईरानी सैन्य नेतृत्व ने चेतावनी दी कि अगर इसराइल ने अपने हमलों का दायरा और बढ़ाया या ईरानी जवाबी कार्रवाई के खिलाफ कोई सैन्य प्रतिक्रिया दी, तो उसके खिलाफ और अधिक व्यापक तथा विनाशकारी हमले किए जाएंगे। इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है तथा क्षेत्रीय संघर्ष के और फैलने की आशंका जताई जा रही है।




