News Bee : ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अमेरिका यह मानकर बड़ी भूल कर रहा है कि वह जिन तरीकों का इस्तेमाल दूसरे देशों के खिलाफ करता आया है, वही रणनीति ईरान (Iran America Tension) पर भी लागू हो जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि ईरानी जनता किसी भी साजिश या अस्थिरता फैलाने की कोशिश के प्रति पूरी तरह सतर्क है।
शनिवार को तेहरान में ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अल बुसेदी के साथ बैठक के दौरान राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने यह ( Iran America Tension)बयान दिया। इस दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
पेज़ेश्कियान ने अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ताओं के दौरान अमेरिका के रवैये को “पाखंडी” करार देते हुए कहा कि वाशिंगटन ने बातचीत के बीच ही कूटनीति पर हमला किया और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए मानवता के खिलाफ अपराध किए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका कुछ लोगों को उकसाकर ईरान में अराजकता और दंगे फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ईरान अन्य देशों की तरह नहीं है। राष्ट्रपति ने कहा कि ईरानी जनता पहले से कहीं अधिक मजबूती से देश और इस्लामी व्यवस्था के साथ खड़ी रहेगी।
ईरानी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अमेरिका और इजरायल वैश्विक शांति और सुरक्षा को कमजोर कर रहे हैं। उनके अनुसार, ये दोनों देश क्षेत्र में युद्ध और अस्थिरता को बढ़ावा देकर मुस्लिम देशों के बीच एकता को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
विदेश नीति पर बात करते हुए पेज़ेश्कियान ने कहा कि पड़ोसी और मुस्लिम देशों के साथ संबंध मजबूत करना ईरान की रणनीतिक प्राथमिकता है। उन्होंने ओमान को ईरान की विदेश नीति में विशेष स्थान वाला देश बताते हुए सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं ओमान के विदेश मंत्री अल बुसेदी ने कहा कि ईरान ओमान का रणनीतिक साझेदार है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता का अहम स्तंभ है। उन्होंने ईरान की कूटनीतिक और संवाद-आधारित नीति की सराहना की और कहा कि कई यूरोपीय देशों का भी मानना है कि इजरायल क्षेत्र में अस्थिरता का मुख्य कारण है।




