Jamshedpur : सिख पंथ के नवम गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी और उनके तीन महान शिष्यों—भाई मती दास जी, भाई सती दास जी, और भाई दयाला जी की 350वीं शहादत को समर्पित विशेष जागृति यात्रा (Jamshedpur Jagriti Yatra)का आयोजन होने जा रहा है। यह यात्रा 31 अगस्त रविवार को गुरु का बाग, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से शुरू होगी और 34 दिनों में आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केशगढ़ साहिब में समाप्त होगी।
सितंबर के पहले सप्ताह में यह यात्रा (Jamshedpur Jagriti Yatra)झारखंड के जमशेदपुर समेत कई शहरों से होते हुए गुजरेगी। इस ऐतिहासिक यात्रा का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी की बलिदानी परंपरा को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में धार्मिक जागरूकता फैलाना है।
इस भव्य यात्रा की तैयारियां तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी द्वारा की जा रही हैं। कमेटी के प्रमुख जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा से भेंट कर यात्रा की रूपरेखा साझा की। मुख्यमंत्री ने इसमें सरकारी स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर के शिव मंदिर में JMM कार्यकर्ताओं ने किया महामृत्युंजय जाप, शिबू सोरेन और मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ की कामना+VDO
यात्रा का रूट और विशेषताएं
यह नगर कीर्तन जागृति यात्रा गुरु का बाग पटना से दोपहर 12 बजे शुरू होकर राजगीर, धनबाद, आसनसोल, बर्दवान, कोलकाता, खड़गपुर, टाटानगर (जमशेदपुर), रांची, हजारीबाग, कोडरमा, सासाराम, उत्तर प्रदेश के शहरों, दिल्ली और अंत में आनंदपुर साहिब पहुंचेगी।
दिल्ली से गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की विशेष पालकी लाई जाएगी, जिसमें गुरु गोबिंद सिंह जी से संबंधित शस्त्र और परिधान के दर्शन होंगे। यह पालकी पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र होगी।
इतिहास के पन्नों से जुड़े इस यात्रा मार्ग को वही पथ बनाया गया है, जिससे होकर भाई जैता जी साल 1675 में गुरु तेग बहादुर जी का शीश लेकर आनंदपुर साहिब पहुंचे थे।
जागृति यात्रा से पहले धार्मिक आयोजन
-29 अगस्त को गुरु का बाग गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ शुरू होगा, जिसका समापन 31 अगस्त को यात्रा रवाना होने के दिन होगा।
– 29 और 30 अगस्त को तख्त साहिब जौहरी सभागार में विशेष दीवान सजाया जाएगा, जिसमें कीर्तन दरबार, ढाढ़ी जत्था और प्रचारक गुरमत विचार प्रस्तुत करेंगे।




