पिस्टल की नोक पर गार्ड समेत कर्मचारियों को बनाया बंधक, करीब एक घंटे तक बैंक में रहे बदमाश; सीसीटीवी में एक का चेहरा साफ दिखा
Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके में स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम (Golmuri Bank Robbery) दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब पांच बदमाश बैंक में घुसे और कर्मचारियों तथा सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर लगभग 43 लाख रुपये नकद लूट लिए। बदमाश बैंक में गिरवी रखा ढ़ाई किलो सोना भी अपने साथ ले गए हैं। सोने की कुल कीमत और मात्रा का पता दस्तावेजों के मिलान के बाद चल (Golmuri Bank Robbery) सकेगा।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल भी पुलिस टीम के साथ बैंक पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने घटना के खुलासे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की हैं।
सुबह बैंक खुलते ही घुस गए बदमाश
जानकारी के अनुसार बैंक का प्यून करीब 9:10 बजे बैंक खोलने पहुंचा था। इसके कुछ देर बाद करीब साढ़े नौ बजे पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले प्यून को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद बैंक पहुंचने वाले कर्मचारियों को भी एक-एक कर बंधक बना लिया।
करीब 10 बजे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के पहुंचने पर बदमाशों ने उन्हें भी बंधक बना लिया। कथित तौर पर दबाव डालकर उनसे बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। चेस्ट में रखी करीब 43 लाख रुपये की नकदी बदमाशों ने निकाल ली।
पिस्टल की बट से गार्ड पर हमला
बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में गार्ड घायल हो गए और बैंक के फर्श पर खून के धब्बे भी मिले हैं।
पुलिस के पहुंचने तक घायल गार्ड बैंक की पहली मंजिल पर मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें नीचे उतारा और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।
एक घंटे तक बैंक में रहे बदमाश
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार बदमाश करीब एक घंटे तक बैंक के अंदर रहे। लगभग साढ़े 10 बजे वे बैंक से निकलकर फरार हुए। बताया जा रहा है कि सभी बदमाश बाइक से आए थे और लूट की रकम तथा सोना पिठ्ठू बैग में रखकर भागे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के दौरान एक बदमाश बाहर रहकर मोटरसाइकिलों की निगरानी कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में बाइक से बदमाशों के अलग-अलग दिशाओं में भागने की जानकारी सामने आई है। दो बदमाश गोलमुरी मेन रोड की ओर और दो गोलमुरी मस्जिद की तरफ जाने वाली सड़क की ओर जाते दिखाई दिए हैं।
सीसीटीवी में एक बदमाश का चेहरा साफ
पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकांश बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे, लेकिन एक बदमाश का चेहरा खुला हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि बदमाश रेनकोट पहने हुए थे। संदिग्ध बदमाश की तस्वीर और सीसीटीवी फुटेज राज्य के विभिन्न थानों तथा पुलिस मुख्यालय को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कई दिनों से बैंक की रेकी का शक
पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बैंक की रेकी की गई थी। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों के पिछले कई दिनों से बैंक में आने-जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन फुटेज को खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वारदात के बाद शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। गोलमुरी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के भागने का रास्ता पता लगाया जा सके।
सिक्योरिटी सायरन क्यों नहीं बजा, पुलिस कर रही जांच
भीड़भाड़ वाले इलाके में बैंक में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद सिक्योरिटी सायरन नहीं बजने को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर सायरन क्यों नहीं बजा।
पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि बैंक में प्रवेश करते ही बदमाशों ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को बंधक बना लिया हो, जिसके कारण किसी को सायरन बजाने का मौका नहीं मिला।
इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों को बैंक में मौजूद बड़ी मात्रा में नकदी और गिरवी रखे सोने की जानकारी कैसे मिली। बैंक के किसी कर्मचारी की भूमिका है या नहीं, इस पहलू से भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस लूटी गई नकदी, सोने की मात्रा और बदमाशों की सही संख्या की पुष्टि के लिए बैंक के रिकॉर्ड तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
Read also – जमशेदपुर जिला बार संघ के उपाध्यक्ष बलाई पांडा का जन्मदिन मनाया गया+VDO




