Jamshedpur (Jharkhand) : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में घाटशिला थाना पुलिस को बड़ी सफलता (Ghatshila Crime) मिली है। पुलिस ने राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय परिसर के खड़िया भवन के एक कमरे में छापेमारी कर 1.81 किलोग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों (Ghatshila Crime) को गिरफ्तार किया गया है।
जमशेदपुर के साकची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने 20 अगस्त को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, धोबियापाड़ा निवासी तुषार सीट तथा मुसाबनी थाना क्षेत्र के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.81 किलोग्राम गांजा, 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर, एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक Hyundai i10 कार और विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी विकास आनंद लागुरी भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें – बागबेड़ा में रेलवे हाई स्कूल के पास गोलगप्पा विक्रेता पर चाकू से हमला कर लूट, एक गिरफ्तार और एक बालक निरुद्ध+VDO
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में घाटशिला थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर NDPS Act और BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। छापेमारी दल में घाटशिला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार मुंडा समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मान रही है।




