Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव (Ghatshila By-Election 2025 ) में मतदान से पहले साइलेंस पीरियड लागू हो गया है। रविवार शाम 5 बजे से प्रचार पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस अवधि में न रोड शो किया जा सकता है, न रैली निकाली जा सकती है और न ही माइक या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल कर चुनाव प्रचार करने की अनुमति है। 5 बजे से पहले जेएमएम और बीजेपी ने जमकर प्रचार किया। पू्र्व सीएम चंपई सोरेन ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुद को बैल कहे जाने पर एतराज़ जताया। भाजपा के राज्य सभा सदस्य आदित्य साहू ने आशंका जाहिर की कि जेएमएम बूथ कैप्चरिंग कर सकती है। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना ने भी सभाएं कीं। शाम 5 बजते ही घाटशिला में प्रचार का शोर थम गया। इसके बाद जमशेदपुर में डीसी और एसएसपी ने डीसी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साइलेंस पीरियड मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले प्रभावी हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल या उम्मीदवार नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, गैर-मतदाता राजनीतिक कार्यकर्ताओं को क्षेत्र छोड़ने का निर्देश दिया गया है। साइलेंस पीरियड के दौरान ऐसे व्यक्तियों के इलाके में पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
होटल–लॉज में सघन चेकिंग अभियान शुरू
एसएसपी पीयूष पांडे के अनुसार, शाम 5 बजे के बाद से होटल, लॉज, मैरिज हॉल और अन्य ठिकानों पर पुलिस की सघन जांच शुरू हो गई है। वाहनों की जांच में नकदी, ड्रग्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तलाशी ली जा रही है।
सीमा पर चेकिंग और हथियार लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई
सभी अंतरराज्यीय सीमाओं को सील कर निगरानी बढ़ा दी गई है। डीसी ने बताया कि हथियार जमा नहीं करने वाले लगभग 100 लोगों के लाइसेंसी हथियारों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। अभी तक 1233 हथियार जमा कराए जा चुके हैं।
एसएसपी ने बताया कि अब तक 19 अवैध हथियार तथा 34 कारतूस बरामद किए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट में 52 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। शांति भंग की आशंका में 938 लोगों को पाबंद किया गया है, जबकि 600 लोगों के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट जारी है।
11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान
डीसी के अनुसार, Ghatshila By-Election 2025 के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 300 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिनमें 186 सेंटर को संवेदनशील (क्रिटिकल) चिह्नित किया गया है। 30 मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं। अब तक की कार्रवाई में 3 करोड़ 30 लाख रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं।




