ईद मिलादुन्नबी पर मानगो से शानो शौकत के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
Jamshedpur (Jharkhand) : लौहनगरी जमशेदपुर में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरे जोश और शानो-शौकत के साथ मनाया गया। मानगो, जुगसलाई, कपाली और आसपास के इलाकों से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी शहर के कई हिस्सों से होकर धतकीडीह पहुंचा।
सुबह से ही शहर में गहमागहमी का माहौल था। अकीदतमंद नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर जुलूस में शामिल हुए। मानगो गांधी मैदान से जुलूस निकला जो मानगो चौक, ब्रिज और बस स्टैंड गोलचक्कर होते हुए आम बागान पहुंचा। यहां उलेमा ने तकरीर पेश की और लोगों को पैगंबर-ए-अकरम हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत से जुड़ी बातें बताईं।
इसके बाद जुलूस आगे बढ़ा और साकची गोलचक्कर पर भालूबासा, गोलमुरी व टेल्को से निकले जुलूस इसमें शामिल हुए। पूरे रास्ते में हलवा, शरबत, चना, चाय, कॉफी और बिस्किट का स्टॉल लगाकर अकीदतमंदों की सेवा की गई।
जुगसलाई से निकला जुलूस बिष्टुपुर होते हुए धतकीडीह पहुंचा। वहीं कपाली से लोग चेपा पुल के रास्ते गांधी मैदान आए और मुख्य जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में आगे उलेमा, उसके बाद बाइक सवार और फिर कारों का काफिला रहा। हर तरफ “सरकार की आमद मरहबा” की गूंज सुनाई दी। धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर मैदान में हुई तकरीर में झारखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान और विधायक मंगल कालिंदी मंच पर मौजूद रहे।




