Home > Jamshedpur > Jamshedpur News : डूरंड कप ट्रॉफी का जमशेदपुर में अनावरण, राज्यपाल और मंत्री हुए शामिल, झारखंड के लिए गौरव का क्षण

Jamshedpur News : डूरंड कप ट्रॉफी का जमशेदपुर में अनावरण, राज्यपाल और मंत्री हुए शामिल, झारखंड के लिए गौरव का क्षण

Jamshedpur  : (Jamshedpur News)134वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण सोमवार को जमशेदपुर के XLRI सभागार में समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन शामिल हुए। यह आयोजन भारतीय सेना द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें झारखंड सरकार का सहयोग रहा। (Jamshedpur News)

इस भव्य समारोह में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, खेल निदेशक शेखर जमुआर, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, टाटा स्टील के पदाधिकारी, खेलप्रेमी और विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Electricity : झारखंड में स्मार्ट मीटर हटा कर मैनुअल बिजली मीटर लगाने की AIMIM ने उठाई मांग

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि डूरंड कप का आयोजन झारखंड के लिए अत्यंत सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से राज्य की खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवाओं में अनुशासन, एकता और टीम भावना का विकास होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ओलंपिक 2036 की मेजबानी का दावा कर रही है, ऐसे में झारखंड के युवाओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है। राज्यपाल ने भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को आयोजन के लिए बधाई दी।

मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नई खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग भी दिया गया। छऊ और संथाली लोकनृत्य के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत किया गया, जबकि भारतीय सेना के जवानों ने भांगड़ा नृत्य से समां बांधा। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों को प्रतीकस्वरूप फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की 134 वर्षों की गौरवशाली परंपरा रही है और दूसरी बार जमशेदपुर इसकी मेजबानी कर रहा है, जो पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। टूर्नामेंट के मुकाबले 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होंगे। इसमें जमशेदपुर एफसी, इंडियन आर्मी एफटी, त्रिभुवन आर्मी एफसी (नेपाल) और 1 लद्दाख एफसी जैसी टीमें भाग लेंगी।

7 और 8 जुलाई को ट्रॉफी टूर के तहत जमशेदपुर के विभिन्न हिस्सों में ट्रॉफी को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसे लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन से न केवल राज्य के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि झारखंड में खेल, पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

You may also like
एटीएम से मिनटों में मिलेगा रुपे कार्ड, यूपीआई से ले सकेंगे क्रेडिट
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश
Jamshedpur Police: ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट शुरू, WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी कई सेवाएं+VDO
महिंद्रा ने लॉन्च की नई वीरो सीएनजी, डीजल मॉडल भी अपग्रेड; कीमत और फीचर जानें

Leave a Reply