Jamshedpur : जमशेदपुर के भुइयांडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान (Jamshedpur Encroachment Removal Drive) के विरोध में सोमवार को बस्तीवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पिछले दिनों टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा चलाए गए अभियान में कई दुकानों और घरों को तोड़ा गया था। इसी के विरोध में बस्तीवासी सड़कों पर उतरे और स्थानीय निवासी बलदेव भुइयां के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन (Jamshedpur Encroachment Removal Drive) किया। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया है और अब तक राहत की कोई व्यवस्था नहीं की गई। बलदेव भुइयां ने कहा कि जब शिबू सोरेन राजनीति में सक्रिय थे, तब वे लगातार इस बस्ती का ध्यान रखते थे और लोग उन्हें अभिभावक मानते थे, लेकिन अब उनके पुत्र और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बस्तीवासियों को कठिन स्थिति में छोड़ दिया है। इसी नाराजगी की वजह से पुतला दहन किया गया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर को नई सौगात: भुइयांडीह–भिलाईपहाड़ी फोरलेन ब्रिज निर्माण 10 दिनों में होगा शुरू, खर्च होंगे 39.92 करोड़ रुपए
गौरतलब है कि इस विरोध की कमान पहले पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने संभाली थी। उन्होंने कई बार प्रदर्शन और चक्का जाम किया था। मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर झामुमो नेताओं ने उनके खिलाफ शिकायत भी की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने बयान से पीछे हटने की बात कही थी। सोमवार के प्रदर्शन में दुलाल भुइयां मौजूद नहीं थे और नेतृत्व की जिम्मेदारी बलदेव भुइयां ने संभाली।




