Jamshedpur : पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित भुइयांडीह लिट्टी चौक से भिलाईपहाड़ी (NH-33) तक फोरलेन सड़क और स्वर्णरेखा नदी पर फोरलेन ब्रिज (Litti Chouk Bridge) निर्माण योजना को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। 39.92 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2024-25 के 11 SBD के तहत स्वीकृत की गई है।
योजना के अनुसार 242 मीटर लंबे फोरलेन पुल (Litti Chouk Bridge) और 3.453 किलोमीटर लंबे एप्रोच रोड का निर्माण होगा। कुल 3.695 किलोमीटर की यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुगम बनाएगी और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश दबाव को कम करेगी।
विधायक पूर्णिमा साहू की सख्त नाराजगी, अधिकारियों को मिले निर्देश
मंगलवार को एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय में विधायक पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर पथ प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के साथ व्यापक समीक्षा बैठक की। उन्होंने योजना में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
विधायक ने पथ निर्माण विभाग के सचिव से भी बातचीत कर पूरी परियोजना की वर्तमान स्थिति पर जानकारी ली। बैठक में अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय ने आश्वस्त किया कि अगले दस दिनों के भीतर उनकी मौजूदगी में कार्य का विधिवत उद्घाटन कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – मानगो में फ्लाईओवर निर्माण पर टकराव: सरयू राय समर्थकों ने रोका काम, बोले – फ्लाईओवर की जरूरत नहीं, झामुमो ने की कार्रवाई की मांग
सड़क और पुल बनने से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि फोरलेन सड़क और पुल के तैयार होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। भारी वाहनों की आवाजाही शहर से बाहर होकर होगी, जिससे जमशेदपुर के ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वी विधानसभा के विकास कार्यों पर वे लगातार निगरानी कर रही हैं और हर स्वीकृत योजना को जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता है।
विधानसभा में भी उठाया था मुद्दा
ज्ञात हो कि विधायक ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को पिछली विधानसभा सत्र में जोरदार तरीके से उठाया था। इसके बाद से वे लगातार विभागीय सचिवों और अधिकारियों के संपर्क में थीं और प्रगति की नियमित समीक्षा कर रही थीं। यह परियोजना न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

