Jamshedpur: जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक (Jamshedpur DC Meeting)आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं केंद्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद ने की। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, वित्तीय समावेशन, जल संसाधन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख सूचकांकों की विस्तृत समीक्षा की गई।
संयुक्त सचिव ने विभागों से मिली रिपोर्ट को विस्तार से सुना और योजनाओं के तेज, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। जिला प्रशासन की ओर से सबर समुदाय के सर्वे, मिशन उल्लास के तहत मिर्गी मरीजों की मुफ्त जांच-परामर्श और सिकुई–दिकुई अभियान द्वारा शिक्षा में गुणात्मक सुधार जैसी नई पहलों की जानकारी दी गई।
इन प्रयासों की सराहना करते हुए संयुक्त सचिव ने कहा कि जिले में योजनाओं का जिस स्तर पर जमीनी क्रियान्वयन हो रहा है, उससे पूर्वी सिंहभूम जल्द ही आकांक्षी जिलों की श्रेणी से बाहर आ सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, जन-सेवा की भावना और पात्र लाभुकों तक हर योजना की सटीक जानकारी पहुंचाने पर विशेष बल दिया। बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। (Jamshedpur DC Meeting)




