जेएनएसी और टाटा स्टील यूआइएसएल के कर्मचारी मौके पर रहे मौजूद
Jamshedpur : जमशेदपुर के बारीडीह बजरंग चौक पर बुधवार को टाटा स्टील यूआइएसएल का बुल्डोजर (Jamshedpur Encroachment Drive) गरजा। बजरंग चौक से नौ दुकानें तोड़ कर हटा दी गई हैं। बताया जा रहा है कि यह दुकानें यहां 40 साल से चल रही थीं। प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में चले इस अतिक्रमण हटाओ अभियान (Jamshedpur Encroachment Drive) के दौरान जमकर बवाल हुआ। दुकानदार बुल्डोजर के आगे आ गए मगर, उनकी एक नहीं चली। एक -एक कर सारी दुकानें गिरा दी गईं।
यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चार घंटे तक चला। इसकी शुरुआत दोपहर 12 बजे की गई थी। बताया जा रहा है कि जहां यह दुकानें थीं वहां टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का गेट बनना है। इसी वजह से इन दुकानों को तोड़ा गया है।
इसे भी पढ़ें – सुपर मॉडल जूनियर का पहला जमशेदपुर में ऑडिशन संपन्न, 17 अगस्त को होगा ग्रैंड फिनाले
बुल्डोजर पहुंचते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई थी। कई दुकानदारों का कहना है कि वह दुकान से अपना सामान भी नहीं निकाल पाए। दुकानों पर बुल्डोजर चलते ही राजनीति भी शुरू हो गई। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। आनंद बिहारी दुबे बुल्डोजर के सामने खड़े होकर अभियान का विरोध करने लगे। मगर, जब वह बुल्डोजर के सामने से हटे तो कार्रवाई फिर बदस्तूर शुरू हो गई। इसी तरह, जदयू और झामुमो के नेता भी विरोध करने पहुंचे मगर, किसी की नहीं चली। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए थे ताकि, अगर दुकानदार विरोध करें तो हालात को संभाला जा सके। जिन दुकानों को तोड़ा गया, उनमें स्टेशनरी, धोबी, साइकिल रिपेयरिंग, पान, नाश्ताq आदि की दुकानें थीं।
लोन लेकर खोली थी दुकान
एक दुकानदार भोला रजक ने बताया कि उनकी यहां 40 साल से दुकान थी। कभी कोई दिक्कत नहीं हुई। भोला रजक ने यहां बैंक से लोन लेकर दुकान खोली थी। मगर, उनकी दुकान तोड़ दी गई है। अब वह बैंक का लोन कैसे भरेंगे। भोला रजक ने बताया कि पहले मणिपाल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की तरफ से बताया गया था कि आप लोग दुकान हटा लीजिए। कॉलेज की बाउंड्री बन जाए तो दुकान फिर रख लीजिएगा। अब बाउंड्री बन गई है तो हमेशा के लिए दुकानें हटाई जा रही हैं। उनकी मांग है कि दुकानदारों को बसाया जाए। दुकान लगाने के लिए प्रशासन जगह दे। सभी दुकानदारों का कहना है कि वह डीसी ऑफिस जा कर मामले की शिकायत करेंगे और अपने लिए दुकान की जगह देने के लिए कहेंगे।




