झारखंड के जमशेदपुर में विमान हादसे से बाल-बाल बचे 9 यात्री, जांच में जुटी टीम
Jamshedpur Plane Accident: : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले स्थित सोनारी एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा (Jamshedpur Plane Accident) होते-होते टल गया। भुवनेश्वर से आने वाली इंडिया वन एयर की 19 सीटर फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर उत्तर दिशा की ओर घास में जा रुकी। इस विमान में दो पायलट सहित कुल नौ लोग सवार थे। सौभाग्यवश सभी यात्री सुरक्षित हैं, केवल एक व्यक्ति को हल्की चोट आई, जिसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। (Jamshedpur Plane Accident)
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Advocate Meeting : फर्जी अधिवक्ताओं को चिन्हित कर होगी कार्रवाई, पुराने कोर्ट भवन में लॉयर्स डिफेंस की आमसभा सम्पन्न
हादसा उस वक्त हुआ जब विमान सुबह के समय सोनारी एयरपोर्ट पर उतर रहा था। लैंडिंग के दौरान आए अचानक झटकों से विमान का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग घबरा गए और कुछ चीखने-रोने भी लगे। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और त्वरित फैसले से बड़ा नुकसान टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। यात्रियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण रनवे गीला था, जिससे विमान के पहिए फिसल गए और यह हादसा हुआ।
घटना के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (Aircraft Accident Investigation Bureau) की टीमें एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं और जांच प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब सोनारी एयरपोर्ट की लैंडिंग को लेकर समस्या सामने आई हो। इससे पहले भी कई यात्री रनवे की खराब स्थिति और एयरपोर्ट सुविधाओं की कमी को लेकर असंतोष जता चुके हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सोनारी एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन जांच पूरी होने तक इस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।




