Jamshedpur (Jharkhand): चंडीगढ़ के स्टार गोल्फर युवराज संधू ने जमशेदपुर में खेली गई टाटा ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2025 (Jamshedpur Golf Tournament) का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। पीजीटीआई (PGTI) सीज़न फिनाले के रूप में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में युवराज ने एक शॉट की रोमांचक बढ़त के साथ जीत दर्ज की और 2025 सीज़न में अपना रिकॉर्ड सातवां खिताब हासिल किया।
₹2 करोड़ की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स पर खेले गए मुकाबलों में 28 वर्षीय युवराज संधू ने 67-64-68-65 का शानदार कार्ड खेलते हुए कुल 20-अंडर 264 का स्कोर बनाया। अंतिम होल पर लगाए गए निर्णायक बर्डी पुट ने उन्हें विजेता बना दिया। इस जीत के साथ युवराज को ₹30 लाख की विजेता राशि प्राप्त हुई।
इसे भी पढ़ें – राष्ट्रपति के जमशेदपुर दौरे को लेकर 28 घंटे का नो-फ्लाइंग जोन लागू, JRD स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बंद+VDO
गौरतलब है कि युवराज संधू पहले ही PGTI ऑर्डर ऑफ मेरिट 2025 का खिताब जीत चुके हैं। पूरे सीज़न में उन्होंने ₹1,91,67,100 की रिकॉर्ड कमाई कर पीजीटीआई इतिहास में एक सीज़न में सर्वाधिक कमाई का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2024 में वीर अहलावत के नाम था।
टूर्नामेंट ( Jamshedpur Golf Tournament) में गुरुग्राम के शुभम जगलन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19-अंडर 265 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। यह पीजीटीआई में उनका तीसरा टूर्नामेंट था, जिसमें उन्होंने अपना दूसरा रनर-अप फिनिश दर्ज किया। शुभम को ₹20 लाख की पुरस्कार राशि मिली।
तीसरे स्थान पर खालिन जोशी और वीर अहलावत संयुक्त रूप से रहे। वहीं, श्रीलंका के एन. थंगराजा, जो इस सीज़न में तीन खिताब जीत चुके हैं, पीजीटीआई रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील हमेशा से खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध रही है और जमशेदपुर (झारखंड) के बेलडीह व गोलमुरी गोल्फ कोर्स राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करते हैं।
मीडिया से बातचीत में युवराज संधू ने कहा कि टाटा ओपन जीतना उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि यहां देश के कई दिग्गज गोल्फर विजेता रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य DP World Tour 2026 में दमदार प्रदर्शन करना है।




