Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर में रविवार से दो दिवसीय शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी महान एवं उनके चार साहिबजादों की शहादत को नमन करते हुए रंगरेटा महासभा द्वारा शहीदी दिहाड़ा (Jamshedpur Shaheed Dihada) श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से सिख इतिहास की गौरवशाली परंपरा, त्याग और बलिदान की गाथाओं को याद किया जा रहा है।
बीते सात वर्षों से लगातार इस शहीदी दिहाड़ा (Jamshedpur Shaheed Dihada) का आयोजन शहर के एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में किया जा रहा है। इस वर्ष के कार्यक्रम में देशभर से प्रसिद्ध कीर्तन जत्थे, कथावाचक, ताड़ी जत्थे और इतिहासकार शामिल हो रहे हैं, जो गुरु साहिब की जीवनी, उनके आदर्शों और बलिदानों की प्रेरक कथाएं संगत के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – युवराज संधू ने रचा इतिहास, जमशेदपुर टाटा ओपन 2025 का खिताब जीतकर बनाया रिकॉर्ड+VDO
रंगरेटा महासभा झारखंड द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में आज मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सर्वप्रथम वाहेगुरु के समक्ष माथा टेका, शबद-कीर्तन सुने और तत्पश्चात संगत के साथ लंगर छका। इस दौरान वे समाज के लोगों से मिले, आत्मीय संवाद किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
महासभा के महासचिव मंजीत सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर से आरंभ होकर 29 दिसंबर को समाप्त होने वाले इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। वहीं, दो दिनों में करीब दो लाख लोगों के कार्यक्रम से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। पूरे आयोजन में रंगरेटा सिख समाज के लोगों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है, जहां श्रद्धा, सेवा और शौर्य की भावना के साथ शहीदों को याद किया जा रहा है।




