Jamshedpur (Jharkhand) : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे (President Jamshedpur Tour) को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रपति के आगमन (President Jamshedpur Tour) को देखते हुए पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत धालभूम अनुमंडल में 28 घंटे का नो-फ्लाइंग जोन लागू किया गया है, जबकि करीब 2500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
रविवार को राष्ट्रपति के सोनारी हवाई अड्डे पर आगमन से लेकर करनडीह दिशोम जाहेरथान और आदित्यपुर स्थित एनआईटी तक के कार्यक्रमों को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राष्ट्रपति के काफिले के एयरपोर्ट से करनडीह कार्यक्रम स्थल तक आवागमन का रिहर्सल भी किया गया।
इसे भी पढ़ें – बिस्टुपुर मार्केट में फल दुकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी समेत ₹50 हजार का सामान ले उड़े चोर+VDO
तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार सुबह 10:10 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद 10:40 बजे वे करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान जाएंगी, जहां इंडियन संथाली राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ओल चिकी लिपि के शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित करेंगी। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे जमशेदपुर सर्किट हाउस पहुंचेंगी। यहां सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। इसके पश्चात दोपहर 2:05 बजे राष्ट्रपति आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद करीब 3:40 बजे वे सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए रवाना होंगी।
28 घंटे का नो-फ्लाइंग जोन 6 बजे से लागू
राष्ट्रपति दौरे के मद्देनजर रविवार शाम 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक धालभूम अनुमंडल को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, हॉट एयर बैलून समेत किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश जमशेदपुर शहर के साथ-साथ पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंडों में भी प्रभावी रहेगा।
सुरक्षा में 10 IPS और 2500 जवान
कोल्हान डीआईजी अनरंजन किसपोट्टा ने बताया कि राष्ट्रपति के पूरे कार्यक्रम के दौरान 10 आईपीएस अधिकारी, 2 आईएएस अधिकारी और करीब 2500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो।
JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रहेगा बंद
राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए 29 दिसंबर को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को सभी खेल एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए बंद रखा जाएगा। जेआरडी के आर्चरी ग्राउंड को अस्थायी हेलीपैड के रूप में उपयोग किया जा रहा है, जहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम के बाद अपने हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना होंगे। 30 दिसंबर से जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को पुनः खेल गतिविधियों के लिए खोल दिया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों और खिलाड़ियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।




