Home > Politics > हेमंत सोरेन ने दी पिता शिबू सोरेन को अंतिम विदाई, झारखंड के नेमरा में हुआ अंतिम संस्कार +VDO

हेमंत सोरेन ने दी पिता शिबू सोरेन को अंतिम विदाई, झारखंड के नेमरा में हुआ अंतिम संस्कार +VDO

Ranchi News : रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव में झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार (Shibu Soren Funeral) राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके पार्थिव शरीर को पुत्र एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक विधियों के साथ मुखाग्नि (Shibu Soren Funeral) दी। इस मौके पर नेमरा गांव शोक में डूबा रहा और हर आंख नम दिखाई दी।

रांची के मोरहाबादी स्थित आवास से शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव नेमरा लाया गया था, जहां सुबह से ही हजारों की संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जुटने लगे। नेमरा गांव में आम से लेकर खास तक, सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसे भी पढ़ें – झारखंड राज्य के निर्माता शिबू सोरेन को बाबर खान ने दी श्रद्धांजलि, कहा- गुरुजी हमेशा याद रखे जाएंगे

शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए झारखंड के कोने-कोने से लोग पहुंचे थे। जनसैलाब इस कदर उमड़ा कि गांव की हर गली, हर चौक शोक में डूब गया। हर कोई अपनी भावनाओं को रोक नहीं सका। दिशोम गुरु के रूप में पहचाने जाने वाले शिबू सोरेन को अंतिम बार देखने के लिए महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, किसान, आदिवासी समाज के लोग भावुक मन से लाइन में खड़े दिखे।

उनके गांव में मातम ऐसा पसरा कि चूल्हे तक नहीं जले। जैसे ही पार्थिव शरीर नेमरा पहुंचा, पूरा गांव रो पड़ा। परिजनों से लेकर दूर-दराज से पहुंचे अनुयायी तक फूट-फूटकर रोने लगे।

शिबू सोरेन न सिर्फ एक राजनेता थे, बल्कि वे झारखंड की आत्मा के प्रतीक थे। उनके जाने से राज्य ने एक युगपुरुष खो दिया है। अंतिम विदाई के इस दृश्य ने झारखंड की भावनात्मक एकता को फिर से जीवित कर दिया। झारखंड के इस जननायक को उनके गांव नेमरा में आखिरी सलामी दी गई और हजारों की भीड़ ने उन्हें “अंतिम जोहार” कहा।

Leave a Reply