Jamshedpur (Jharkhand) : आगामी रामनवमी (Jamshedpur Ram Navmi) महोत्सव की तैयारी को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की कार्यकारिणी की अहम बैठक सोमवार को साकची स्थित Hotel Dayal International में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव भूपेंद्र सिंह ने किया।
बैठक में रामनवमी महोत्सव (Jamshedpur Ram Navmi) को भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर सर्वसम्मति बनी।
अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने पिछले वर्ष आयोजित रामनवमी अखाड़ा जुलूस की सफलता का जिक्र करते हुए सभी अखाड़ा समितियों, पदाधिकारियों और प्रशासन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जो सभी समितियों के समन्वय और समर्पण का परिणाम था। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष कुछ स्थानों पर आई कमियों और अखाड़ों को हुई असुविधाओं पर भी चर्चा करते हुए इस वर्ष और बेहतर तैयारी करने का आह्वान किया।
समिति के संरक्षक नीरज सिंह ने सभी जोनल पदाधिकारियों और अखाड़ा समितियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष सभी समितियों ने अनुशासन और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। उनके अनुसार सभी के सहयोग से एक ही दिन में विसर्जन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया, जो केंद्रीय समिति के प्रति अखाड़ों के विश्वास को दर्शाता है।
महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले 50 वर्षों से अखाड़ा समितियां केंद्रीय समिति पर भरोसा जताती आ रही हैं। पिछले वर्ष भी केंद्रीय समिति के आह्वान पर अधिकांश अखाड़ा समितियों ने एक ही दिन में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया, जो संगठनात्मक एकता का उदाहरण है।
Jamshedpur Ram Navmi: नशामुक्त रामनवमी मनाने का संकल्प
बैठक में इस वर्ष नशामुक्त रामनवमी महोत्सव मनाने का संकल्प लिया गया। समिति ने सभी अखाड़ा संचालकों से अपील की कि ध्वज और उससे संबंधित रस्सी को केवल शुद्ध और सात्विक व्यक्ति ही शोभायात्रा में उठाएं।
इसके साथ ही आयोजन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि समाज में नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया जा सके और महोत्सव की भव्यता भी बढ़े।
Jamshedpur Ram Navmi: हर थाना क्षेत्र में बनेगी केंद्रीय टीम
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में केंद्रीय समिति की टीम गठित की जाएगी। यह टीम अखाड़ा समितियों की शोभायात्रा के दौरान उनके साथ रहकर समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करेगी। समिति के प्रत्येक पदाधिकारी को पांच-पांच अखाड़ा समितियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कलश यात्रा से लेकर शोभायात्रा तक आयोजन की निगरानी करेंगे।
सोशल मीडिया अफवाहों पर भी रहेगी नजर
समिति के सोशल मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली भ्रामक और विवादित खबरों पर नजर रखेंगे। ऐसी सूचनाओं की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
प्रशासन से समन्वय कर दिलाया जाएगा लाइसेंस
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गैर-लाइसेंसी अखाड़ा समितियों को लाइसेंस दिलाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा जोनल बैठकों के माध्यम से संभावित समस्याओं के समाधान, विसर्जन मार्ग का पूर्व निरीक्षण, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष समन्वय तथा आर्थिक रूप से कमजोर अखाड़ा समितियों को सहयोग देने पर भी सहमति बनी।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी भी हुए शामिल
बैठक के दौरान केंद्रीय समिति के कार्यों और संगठनात्मक भूमिका को देखते हुए Vishva Hindu Parishad और Bajrang Dal के पदाधिकारियों ने भी समिति में शामिल होने का निर्णय लिया। समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने उन्हें विधिवत पदाधिकारी के रूप में शामिल किया।
इसे भी पढ़ें – प्रोफाइल: कौन हैं आयतुल्लाह सैय्यद मोजतबा खामेनेई जो बने हैं ईरानी इस्लामी क्रांति के तीसरे सर्वोच्च नेता
नई जिम्मेदारियों के तहत पप्पू सिंह, नित्यानंद सिन्हा और डॉ. संतोष गुप्ता को सलाहकार बनाया गया। जनार्दन पांडेय को साउथ जोन ए का प्रभारी, अवतार सिंह को वेस्ट जोन ए का प्रभारी, आदित्य वर्मा को सह सचिव एवं जोनल संयोजक तथा धर्म कुमार, राहुल कश्यप और टी. विशाल राव को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के अंत में कोषाध्यक्ष शंभू मुखी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया और सभी से मिलकर रामनवमी महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का आह्वान किया।




