Home > Jamshedpur > जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों से बचें, डीसी का दावा-पूर्वी सिंहभूम में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों से बचें, डीसी का दावा-पूर्वी सिंहभूम में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक (Jamshedpur Petrol Crisis) उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर खरीदारी न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल (Jamshedpur Petrol Crisis) लें।

जमशेदपुर के डीसी ऑफिस सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में इंडियन ऑयल, एचपी, भारत पेट्रोलियम और जियो के एरिया मैनेजर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई है। अधिकारियों ने कहा कि यह स्थिति केवल पैनिक बाइंग की वजह से बनी है, जबकि जिले में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि अफवाहों के कारण अनावश्यक दबाव की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की।

एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने से कानून व्यवस्था और यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की।

प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि वे बोतल या अन्य कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं करें ताकि सुरक्षा जोखिमों को रोका जा सके। साथ ही सोशल मीडिया और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक करने को कहा गया है।

इसे भी पढ़ें – क्रिया कर्म में गया था परिवार, गोविंदपुर में बंद घर से लाखों की चोरी

तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है और सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। प्रशासन ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, यू-ट्यूबर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भी भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

You may also like
जमशेदपुर में वोटर लिस्ट में घुसे 3 अफगानी नागरिक: पासपोर्ट जांच में खुली पोल, चुनाव आयोग के आदेश पर FIR दर्ज+VDO
एटीएम से मिनटों में मिलेगा रुपे कार्ड, यूपीआई से ले सकेंगे क्रेडिट
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश
Jamshedpur Police: ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट शुरू, WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी कई सेवाएं+VDO

Leave a Reply