Jamshedpur : जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल (Mango Nagar Nigam Election) तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में उम्मीदवारों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी और दाखिल करने की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नामांकन पत्र 4 फरवरी तक भरे जा सकेंगे।
मानगो नगर निगम ( Mango Nagar Nigam Election) में मेयर पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 57 प्रत्याशियों ने पर्चा लिया। वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक उम्मीदवार और वार्ड सदस्य पद के लिए 18 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए किसी ने पर्चा नहीं लिया, लेकिन वार्ड सदस्य पद के लिए पांच अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदा।
तीन वार्ड प्रत्याशियों ने शनिवार को अपना नामांकन भी दाखिल किया। इनमें मानगो वार्ड संख्या 2 से मोबीन खान, वार्ड संख्या 10 से आकाश कुमार तांती और चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 से असगर शामिल हैं।
मेयर पद की दौड़ में इस बार महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी दिख रही है। शबाना बानो, नीलम देवी, पार्वती देवी, लक्की सिंह और संध्या सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं जुगसलाई में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए आरती चौधरी ने पर्चा लिया है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर लॉयर्स डिफेंस प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ता संजय कुमार राय से की शिष्टाचार मुलाकात
अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो मानगो में मेयर पद के लिए 17 उम्मीदवार और 36 वार्डों के लिए 297 प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीद चुके हैं। जुगसलाई में अध्यक्ष पद के लिए 13 और 22 वार्डों के लिए 98 उम्मीदवारों ने पर्चा लिया है। चाकुलिया में अध्यक्ष पद के लिए चार और 12 वार्डों के लिए 36 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच आगामी दिनों में नामांकन और प्रचार अभियान तेज होने की उम्मीद है।




