Jamshedpur (Jharkhand) : शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कदमा थाना क्षेत्र के डी रोड के पास एक महिला के गले से सरेआम सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अनीता चौधरी को (Kadma Chain Snatching) निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस को इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज (Kadma Chain Snatching) भी मिला है, जिसमें दोनों बदमाश साफ तौर पर नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी के अनुसार, दोनों आरोपी पहले एक दिशा में जाते हैं, फिर अचानक वापस लौटते हैं। इस दौरान स्कूटी चला रहा व्यक्ति पीछे बैठ जाता है और पीछे बैठा बदमाश स्कूटी चलाने लगता है। इसके बाद वे महिला का पीछा करते हैं और मौका मिलते ही उसके गले से चेन छीनकर फरार हो जाते हैं।
घटना के तुरंत बाद महिला ने अपने पति जेपी चौधरी को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी स्कूटी से भाग निकलने में सफल रहे।
इसे भी पढ़ें – इंटक स्थापना दिवस पर झारखंड यूथ इंटक का ध्वजारोहण, मजदूरों को बताया देश की रीढ़+ VDO
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।




